बजरी खनन की शिकायत करना पड़ा भारी, शोभागपुरा में होटल पर बैठे युवक पर लाठी-सरियों से जानलेवा हमला; सरपंच के बेटों समेत कई लोगों पर हमले का आरोप

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा // जिले के बनेड़ा थाना क्षेत्र में बजरी खनन की शिकायत करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। सरदार नगर निवासी सत्यनारायण तेली पर सरपंच के साथ आए लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल को उपचार के लिए पहले बनेड़ा अस्पताल ले जाया गया, जहां घायल की हालत ज्यादा गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। फिलहाल घायल का भीलवाड़ा के महात्मा गांधी जिला चिकित्सालय में इलाज जारी है।

घायल सत्यनारायण तेली ने बताया कि मैं और सोहन कुमावत शोभागपुरा बस स्टैंड पर चाय पी रहे थे। इसी दौरान सरपंच के दो पुत्रों सहित मुख्तियार मंसूरी, कैलाश माली और अन्य 8 से 10 लोग वहां पहुंचे और हम लोगों पर अचानक लाठियों, सरियों व स्टील के पाइपों से हमला कर दिया। हमले में मेरे सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। मैने क्षेत्र में अवैध बजरी खनन और रेत से भरे ट्रैक्टरों की शिकायत की थी। इसी बात को लेकर मेरे साथ मारपीट की गई। सरदार नगर क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अवैध खनन हो रहा है। जगह-जगह गहरे गड्ढे होने से पशुओं और वन्य जीवों के लिए भी खतरा पैदा हो गया है। पुलिस की भी बजरी खनन में सरपंच के साथ सांठगांठ है और इसके कारण शिकायतों पर कार्रवाई नहीं की जाती है। जिसके कारण उनके हौसले बुलंद हैं। हमारी प्रशासन से मांग है कि सरदार नगर क्षेत्र में खनन विभाग की विशेष जांच टीम भेजकर अवैध बजरी खनन की निष्पक्ष जांच कराई जाए। इसके साथ ही हमले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।