घाड़ में तेज़ अंधड़ और बारिशः कई मकानों के टिनशेड उड़े, पेड़ गिरे; बिजली गुल रही

स्मार्ट हलचल।घाड़ कस्बे सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। तेज़ अंधड़ के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई, और आसमान में लगातार बिजली कड़कती रही। इस भीषण तूफान ने क्षेत्र में भारी तबाही मचाई, जिससे कई जगहों से नुकसान की खबरें मिली हैं।अंधड़ की रफ्तार इतनी तेज़ थी कि लोगों के घरों पर लगे टिनशेड हवा में उड़ गए। कई पेड़ जड़ से उखड़कर धराशायी हो गए। तेज अंधड़ के कारण घाड़ कस्बे में करीब चार घंटे तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रही।टिनशेड उड़ने से लाखों का नुकसान

तूफान के कारण ग्रामीण इलाकों में कई गरीब और किसान परिवारों के आशियाने उजड़ गए। कोटड़ा निवासी कमलेश जाट के मकान पर लगे टिनशेड उड़ने से लाखों रुपए का आर्थिक नुकसान हुआ। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

धुवां खुर्द निवासी जगदीश प्रजापत के घर पर भी तूफान ने भारी तबाही मचाई। उनके टिनशेड और छप्पर उड़ने से रहने का आशियाना पूरी तरह उजड़ गया।

इसी तरह, कोटड़ा निवासी भोला शंकर जाट के मकान के टिनशेड भी हवा में उड़ गए, जिससे उन्हें भी काफी नुकसान उठाना पड़ा। विनोद पहाड़िया के कृषि कनेक्शन का विद्युत ट्रांसफार्मर भी धराशायी हो गया।

क्षेत्र में रात होते-होते तेज़ अंधड़ के बाद कुछ देर हल्की बारिश हुई, जिससे गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया।

क्षेत्र में लगातार बदलते मौसम को देखते हुए मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। प्रशासन ने लोगों को पक्के और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सख्त चेतावनी जारी की है।

इसके साथ ही, मौसम की गंभीरता को देखते हुए लोगों के मोबाइल फोन पर भी अलर्ट भेजे जा रहे हैं। सायरन बजाकर भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है ताकि किसी भी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके।