हाइवे पर मेनाल पार्किंग के पास ट्रेलर और बल्कर की भीषण भिड़ंत, दोनों वाहन पलटे; बल्कर चालक गंभीर घायल

टक्कर के बाद हाइवे पर बिखरे ट्रेलर में भरे लोहे के पाइप, लगा जाम; हाइवे पेट्रोलिंग टीम ने क्रेन की मदद से सुचारू करवाया यातायात, घायल भीलवाड़ा रेफर
 शिव जांगिड़

लाडपुरा, 2 जून। स्मार्ट हलचल।कोटा-चित्तौड़गढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर मंगलवार सुबह करीब आठ बजे मेनाल के निकट पार्किंग पर ट्रेलर और बल्कर वाहन की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत से अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद दोनों भारी वाहन अनियंत्रित होकर पार्किंग क्षेत्र में ही पलट गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेलर और बल्कर वाहन कोटा से चित्तौड़गढ़ की ओर जा रहे थे कि तभी मेनाल पार्किंग के पास दोनों वाहनों में टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुर्घटना के बाद ट्रेलर में भरे लोहे के भारी पाइप सड़क पर बिखर गए, जिससे हाईवे पर यातायात बाधित हो गया और कुछ देर तक लंबा जाम लगा रहा।

बल्कर चालक गंभीर घायल, रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू:

हादसे की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम तुरंत मौके पर पहुंची और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। दुर्घटना में ट्रेलर चालक को मामूली चोटें आई हैं, जबकि बल्कर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। टीम ने घायल को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल मांडलगढ़ चिकित्सालय भेजा, जहां से उसे भीलवाड़ा रेफर कर दिया गया है।

हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने क्रेन की मदद से तत्काल सड़क पर बिखरे भारी पाइपों को हटवाया तथा पलटे हुए दोनों वाहनों को सुरक्षित किनारे करवाकर हाईवे पर रुके हुए यातायात को पुनः सुचारू कराया।