बिजौलियाँ, 2 जून।स्मार्ट हलचल।बिजौलिया ब्लॉक के आंट पटवार हल्का रेसुंदा क्षेत्र में चारागाह एवं बिलानाम भूमि पर कथित अवैध खनन और अतिक्रमण को लेकर ग्रामीणों ने आज एसडीएम और खनिज विभाग से मिलकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम आंट क्षेत्र में स्थित लीज संख्या 113 के आसपास आराजी संख्या 84 एवं 87 की भूमि पर एक भू-माफिया द्वारा कथित रूप से अवैध कब्जा कर भारी मशीनरी के माध्यम से खनन कार्य किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह खनन लीज क्षेत्र से बाहर चारागाह एवं बिलानाम भूमि पर किया जा रहा है, जिससे सरकारी भूमि को भारी नुकसान पहुंच रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार जब उन्होंने संबंधित व्यक्ति को अवैध कब्जा और खनन कार्य रोकने के लिए समझाइश की तो उन्हें धमकाया गया। इसके बाद 27 मई 2026 को बिजौलिया थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर कुछ समय के लिए गतिविधियां बंद हो गई थीं। लेकिन बाद में पुनः चारागाह एवं बिलानाम भूमि पर जबरन कब्जा कर अवैध खनन शुरू कर दिया गया। विरोध करने पर अब जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
ग्रामीणों ने खनिज विभाग से पुरजोर मांग की है कि लीज संख्या 113 का मौके पर त्वरित निरीक्षण कर सीमांकन कराया जाए तथा चारागाह और बिलानाम भूमि पर हो रहे कथित अवैध खनन और अतिक्रमण को तत्काल प्रभाव से रोका जाए। साथ ही भविष्य में सरकारी भूमि पर कब्जा एवं अवैध खनन नहीं करने के लिए पाबंद किया जाए।
ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि समय रहते भू-माफिया के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो सरकारी भूमि को व्यापक नुकसान हो सकता है, जिसकी समस्त जिम्मेदारी खनिज विभाग और स्थानीय प्रशासन की होगी।