विवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में गायब, पीहर पक्ष ने जताई हत्या की आशंका, एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा // जिले के मांडल थाना क्षेत्र के बालापुरा गांव से एक विवाहिता के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़िता की मां ने अपने परिवार सहित शनिवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र सौंपकर अपनी बेटी की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

भगवानपुरा निवासी प्रार्थिया शांति देवी पत्नी उदय राम माली ने एसपी को दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी पुत्री माया का नाता विवाह करीब 15-16 वर्ष पूर्व बालापुरा निवासी प्रभु लाल माली के साथ हुआ था। शादी के बाद से ही पति प्रभु लाल उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था और मारपीट कर पैसों की मांग करता था। गत 3 जून को पीहर पक्ष को सूचना मिली कि माया सुबह से ही घर से गायब है। जब विवाहिता के परिजन बालापुरा पहुंचे तो वहां पति प्रभु लाल, ससुर रामेश्वर, भंवरी देवी, उदय लाल व राजू लाल का व्यवहार बेहद संदिग्ध लगा और उन्हें माया के लापता होने का कोई दुख नहीं था।

हैरानी की बात यह है कि जब परिजनों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखनी चाही, तो ससुराल पक्ष ने आनाकानी करते हुए कैमरे खराब होने का बहाना बना दिया। वहीं, विवाहिता की 11 वर्षीय पुत्री खुशी ने अपने मामा को रोते हुए बताया कि उसके पापा आए दिन मम्मी के साथ बेरहमी से मारपीट करते थे और बीच-बचाव करने पर बच्चों को भी मारते थे। पीहर पक्ष का आरोप है कि माया का पति शराब के नशे में धुत रहता था और उसने ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के साथ मिलकर किसी गंभीर वारदात को अंजाम दिया है। परिजनों ने आशंका जताई है कि माया की हत्या कर साक्ष्यों से छेड़छाड़ की गई है और अब गुमशुदगी का झूठा नाटक रचा जा रहा है। पीड़िता की मां ने मांडल थाने में दर्ज एमपीआर संख्या 37/2026 की जांच किसी उच्च अधिकारी से करवाकर न्याय की गुहार लगाई है।