शिवराज बारवाल मीना
टोंक।स्मार्ट हलचल।नगर परिषद क्षेत्र टोंक के बैकुंठ धाम इलाके में सीवरेज कार्य के दौरान मुख्य पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से पिछले 8 दिनों से जलापूर्ति ठप पड़ी है। इससे क्षेत्र के सैकड़ों परिवारों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी कमलेश सैनी उर्फ ठाकर सोलंकी ने आरोप लगाया कि सीवरेज लाइन के चैंबर गाड़ने के दौरान ठेकेदार द्वारा की गई खुदाई से बीसलपुर की मुख्य पाइपलाइन टूट गई।इसके बाद से क्षेत्र में पानी की सप्लाई बंद है और लोग करीब 1.5 किलोमीटर दूर से पानी लाने को मजबूर हैं। क्षेत्र की महिलाओं ने बताया कि घरों में पीने तक का पानी नहीं बचा है।शिकायतों के बावजूद जलदाय विभाग, नगर परिषद और सीवरेज विभाग एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं, जबकि समस्या का समाधान अब तक नहीं हुआ है। क्षेत्रवासियों ने जिला कलेक्टर डॉ. टीना डाबी से तत्काल हस्तक्षेप कर 24 घंटे में जलापूर्ति बहाल कराने, दोषी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने तथा हुए नुकसान की भरपाई कराने की मांग की है।साथ ही चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान नहीं होने पर कलेक्ट्रेट पर मटका फोड़ आंदोलन भी किया जा सकता हैं।
