रोहित सोनी
आसींद । क्षेत्र के सेमला का बोडिया गांव में एक दर्दनाक हादसे में सर्पदंश से 9 वर्षीय बालिका की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, सेमला का बोडिया निवासी हरिसिंह रावत की 9 वर्षीय पुत्री धरूपाली सोमवार शाम अपनी मां के साथ खेत पर गई थी। उसकी मां पशुओं के लिए ज्वार का चारा काट रही थी, तभी पास में मौजूद धरूपाली को अचानक एक जहरीले सांप ने काट लिया। घटना का पता चलते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन तत्काल बालिका को उपचार के लिए राजकीय चिकित्सालय आसींद लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे महात्मा गांधी चिकित्सालय (एमजी हॉस्पिटल) भीलवाड़ा रेफर कर दिया। परिजन उसे तुरंत भीलवाड़ा लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। बालिका के शव को एमजी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि बालिका की मृत्यु सर्पदंश के कारण हुई है तथा उन्हें किसी अन्य प्रकार की आशंका नहीं है।
मासूम धरूपाली की असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों और परिजनों ने बालिका को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
