मंगरोप@मुकेश खटीक।अवैध बजरी खनन के खिलाफ मंगरोप थाना पुलिस की लगातार कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।पुलिस ने गुरुवार सुबह थाना क्षेत्र के सालरिया गांव स्थित बनास नदी में कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी खनन में संलिप्त दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए हैं।दोनों वाहनों के खिलाफ मंगरोप थाने में प्रकरण दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।थाना प्रभारी विजय मीणा ने बताया कि सुबह गश्त एवं विशेष निगरानी के दौरान सालरिया क्षेत्र में बनास नदी के पेटे में अवैध रूप से बजरी खनन किए जाने की सूचना मिली थी।सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए खनन कार्य में लगे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया।पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लेकर संबंधित चालकों विरुद्ध नियमानुसार मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।मंगरोप थानाप्रभारी विजय मीणा ने स्पष्ट कहा है कि क्षेत्र में अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।पुलिस का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों की अवैध लूट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।गौरतलब है कि जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशों की पालना में मंगरोप थाना अवैध खनन के विरुद्ध जिले में सबसे अधिक कार्रवाई करने वाला थाना बनकर उभरा है।मंगरोप थाने में अब तक अवैध खनन से जुड़े 55 प्रकरण दर्ज किए जा चुके हैं,जो पूरे भीलवाड़ा जिले में सर्वाधिक हैं।लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में भय का माहौल है,वहीं आमजन पुलिस की सक्रियता और सख्ती की सराहना कर रहे हैं।थाना प्रभारी विजय मीणा ने बताया कि अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नदी क्षेत्रों में नियमित गश्त,निगरानी और सूचना तंत्र को मजबूत किया गया है।आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सरकारी राजस्व को होने वाले नुकसान को रोका जा सके।
