फतेहगढ़-ब्यावर हाईटेंशन लाइन तार चोरी का मुख्य आरोपी ‘फौजी’ साथी सहित गिरफ्तार, 350 किलो तार बरामद

देश की महत्वपूर्ण परियोजना में सेंध लगाने वाले दो और शातिर चोर गिरफ्तार, पहले भी जेल जा चुका है मुख्य आरोपी

अनिल कुमार

ब्यावर/जैतारण।स्मार्ट हलचल।भारत सरकार की महत्वपूर्ण परियोजना ‘फतेहगढ़ से ब्यावर हाईटेंशन लाइन’ के निर्माणाधीन तारों को चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए जैतारण थाना पुलिस ने मुख्य अभियुक्त और उसके एक साथी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया करीब 3 क्विंटल 50 किलोग्राम (350 किलो) तार भी बरामद कर लिया है। मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी पहले ही हो चुकी है।

अभियान के तहत मिली सफलता
जिला पुलिस अधीक्षक रतनसिंह (IPS) के निर्देशानुसार जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया (RPS) और वृताधिकारी (जैतारण) सतेन्द्र सिंह नेगी के सुपरविजन में जैतारण थानाधिकारी धोलाराम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।

थानाधिकारी धोलाराम ने बताया कि निर्माणाधीन हाईटेंशन लाइन के तार चोरी होने के संबंध में थाने में प्रकरण संख्या 64/2026 और 112/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामले दर्ज थे। पुलिस ने तकनीकी सहायता और मुखबिरों की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुरेश उर्फ फौजी (21) और उसके साथी गणेशराम उर्फ गोलू (20) को गिरफ्तार कर लिया। ये दोनों आरोपी बिची, थाना माधोराजपुरा (जिला जयपुर ग्रामीण) के रहने वाले हैं। इस मामले में पुलिस पूर्व में दो आरोपियों राजेश और नानूराम को पहले ही जेल भेज चुकी है।

मुख्य आरोपी सुरेश है आदतन अपराधी
पुलिस पड़ताल में सामने आया है कि मुख्य आरोपी सुरेश उर्फ फौजी बेहद शातिर और आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ वर्ष 2024 में भी जयपुर ग्रामीण के माधोराजपुरा और सामोद थानों में तार चोरी, विद्युत अधिनियम और नकबजनी के 5 गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें पुलिस चार्जशीट भी दाखिल कर चुकी है।

इस टीम की रही मुख्य भूमिका
इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने में जैतारण थाने के उपनिरीक्षक रामकिशन, सहायक उपनिरीक्षक पुसाराम, कांस्टेबल राजेश (नंबर 418), कांस्टेबल मनोहर (नंबर 764) की मुख्य भूमिका रही। टीम में कांस्टेबल दुर्गाराम और सुरेन्द्र भी शामिल थे। पुलिस अब पकड़े गए आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है, जिससे क्षेत्र में हुई अन्य चोरियों का भी खुलासा होने की उम्मीद है।