मंगरोप@मुकेश खटीक।मंगरोप और बड़लियास थाना क्षेत्र की सरहद पर स्थित कालीराडिया रोड पर शनिवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार जीजा और साले की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवक रात्रि जागरण एवं भोजन प्रसादी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकले थे,लेकिन महज तीन किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद ही काल के ग्रास बन गए।हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम छा गया है।मृतक अपने-अपने परिवारों के इकलौते पुत्र थे,जिससे यह हादसा दो परिवारों के लिए अपूरणीय क्षति बन गया।पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह टेलीफोन के माध्यम से सूचना मिली कि आमा से कालीराडिया रोड पर एक मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में पड़ी है तथा दो व्यक्ति सड़क किनारे अचेत पड़े हुए हैं।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची।वहां एक क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल और दो युवक पड़े मिले।जांच करने पर दोनों की मौत होना सामने आया।मृतकों की पहचान राहुल वैष्णव (25) पुत्र निवासी दलेल सिंह का खेड़ा,थाना मंगरोप तथा दीपक वैष्णव (18) निवासी कान्याखेड़ी,थाना हमीरगढ़ के रूप में हुई।पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आमा की मोर्चरी में रखवाया था।जहां से पोस्टमार्टम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए।
मंगरोप थाना प्रभारी विजय मीणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी अज्ञात वाहन द्वारा मोटरसाइकिल को टक्कर मारने की बात सामने आई है।हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।मामले की सूचना बड़लियास थाना पुलिस को भी दे दी गई।अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सीसीटीवी में दिखी तेज रफ्तार लग्जरी बस,पुलिस को हादसे की आशंका
पुलिस हादसे को अंजाम देने वाले वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।घटना स्थल से कुछ दूरी पर स्थित एक पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले गए हैं।फुटेज में दोनों युवकों के निकलने के कुछ समय बाद एक तेज रफ्तार लग्जरी बस गुजरती दिखाई दी है।पुलिस ने आशंका जताई है कि हादसे में उक्त बस की भूमिका हो सकती है। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही दुर्घटना करने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जागरण के बाद प्रसादी में शामिल होने जा रहे थे दोनों
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक राहुल,दीपक का जीजा था। दोनों शुक्रवार रात बड़लियास क्षेत्र के खरोन का खेड़ा में आयोजित रात्रि जागरण के बाद शनिवार सुबह होने वाली भोजन प्रसादी में शामिल होने के लिए जा रहे थे।शनिवार सुबह करीब 4 बजे दोनों दलेल सिंह जी का खेडा से निकले थे,लेकिन कुछ ही दूरी पर हादसे का शिकार हो गए।
डेढ़ साल की बेटी के सिर से उठा पिता का साया
मृतक राहुल वैष्णव विवाहित था और उसकी डेढ़ साल की एक मासूम बेटी है।वह परिवार का इकलौता पुत्र था तथा उसकी एक बहन है।राहुल स्वयं का टेम्पो चलाकर परिवार का पालन-पोषण करता था।उसकी असमय मौत से पत्नी,बेटी और पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
तीन बहनों का इकलौता भाई था दीपक
वहीं 18 वर्षीय दीपक वैष्णव तीन बहनों का इकलौता भाई था। वह कक्षा 11वीं का छात्र था और पढ़ाई कर रहा था।कम उम्र में हुई उसकी मौत से परिवार सदमे में है।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दोनों मृतकों के गांवों में पसरा मातम
एक ही हादसे में दो युवकों की मौत की खबर फैलते ही दलेल सिंह का खेड़ा,कान्याखेड़ी तथा आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई।सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आमा पहुंच गए।अस्पताल परिसर में दिनभर गमगीन माहौल बना रहा।
इस दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों के इकलौते चिराग बुझा दिए।फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गहन जांच जारी है।
