अधूरी सड़क और क्षतिग्रस्त पुलिया बनी ग्रामीणों की परेशानी का सबब, हादसों का बढ़ा खतरा

बासेड़ा-तस्वारियां सड़क का निर्माण अटका, बडला-आमली मार्ग की टूटी पुलिया से ग्रामीणों में आक्रोश

सुरज वर्मा
स्मार्ट हलचल।शाहपुरा में फूलियाकलां उपखंड क्षेत्र में विकास कार्यों की धीमी गति और अधूरे निर्माण कार्य आमजन के लिए परेशानी का कारण बनते जा रहे हैं। बासेड़ा से तस्वारियां गांव को जोड़ने वाली मुख्य सड़क का निर्माण कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा होने के कारण क्षेत्रवासियों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर गिट्टी बिछाने के बाद डामरीकरण नहीं होने से आए दिन वाहन चालक फिसलने के डर के साये में सफर करने को मजबूर हैं।
आमजन के अनुसार तस्वारियां से आमली तक सड़क पर गिट्टी डालने का कार्य पूरा कर लिया गया था, जबकि आमली से बासेड़ा तक भी गिट्टी बिछा दी गई है। इसके बावजूद कई दिनों से डामरीकरण कार्य बंद पड़ा हुआ है। सड़क पर फैली ढीली गिट्टी के कारण विशेषकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा लगातार बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द कार्य शुरू नहीं हुआ तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
इधर, पिछले वर्ष बरसात के दौरान भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हुई बडला से आमली को जोड़ने वाली पुलिया भी आज तक मरम्मत का इंतजार कर रही है। पुलिया की जर्जर स्थिति खुलेआम दुर्घटनाओं को निमंत्रण दे रही है। प्रतिदिन इस मार्ग से गुजरने वाले ग्रामीण, किसान और स्कूली विद्यार्थी जान जोखिम में डालकर आवागमन करने को मजबूर हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि जनहित से जुड़े इन महत्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता देते हुए बासेड़ा-तस्वारियां सड़क का डामरीकरण शीघ्र पूरा कराया जाए तथा बडला-आमली मार्ग की क्षतिग्रस्त पुलिया का तत्काल पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके और संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
आमजन का कहना है कि विकास कार्यों में देरी का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। यदि समय रहते प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया तो आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जा सकता है।