भीलवाड़ा पुलिस का अहमदाबाद में बड़ा एक्शन: 5 हजार का इनामी और शातिर वाहन चोर पवन वैष्णव गिरफ्तार

प्रतापनगर पुलिस ने बदला रूप, पीजी में छिपे बदमाश को दबोचा; पिकअप बोलेरो चोरी मामले में चल रहा था फरार, 193(9) BNSS के तहत लंबित था मामला

भीलवाड़ा, 14 जून।स्मार्ट हलचल।जिला पुलिस अधीक्षक श्री सागर (IPS) द्वारा वांछित अपराधियों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत प्रतापनगर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे ₹5,000 के इनामी बदमाश पवन वैष्णव को गुजरात के अहमदाबाद से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ धारा 193(9) बी.एन.एस.एस. के तहत मामला पेंडिंग चल रहा था।

पहचान छुपाकर अहमदाबाद के पीजी में रह रहा था आरोपी:

थानाधिकारी सुनील ताड़ा ने बताया कि आरोपी पवन पुत्र हीरालाल वैष्णव (उम्र 24 साल, निवासी मांगरोल, निम्बाहेड़ा सदर, जिला चित्तौड़गढ़) बेहद शातिर बदमाश है। जनवरी 2025 में पटेलनगर भीलवाड़ा से एक पिकअप बोलेरो चोरी की वारदात के बाद से ही वह पुलिस को छका रहा था। पहचान छुपाने और बार-बार ठिकाने बदलने के कारण एसपी भीलवाड़ा द्वारा इस पर 5 हजार का इनाम घोषित किया गया था, जिसे पुलिस टीम ने तकनीकी सहायता से अहमदाबाद के एक प्राइवेट पीजी से दबोचा है।

क्या था पूरा मामला:
दिनांक 12.01.2025 को प्रार्थी भंवरलाल जाट निवासी पटेलनगर भीलवाड़ा ने प्रतापनगर थाने पर रिपोर्ट दी थी कि उनके निवास स्थान से उनकी पिकअप बोलेरो (RJ 06 GB 3378) चोरी हो गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान के दौरान पूर्व में एक आरोपी नितिन (निवासी चित्तौड़गढ़) को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी पवन फरार था।

सफलता पाने वाली पुलिस टीम:
इस शातिर बदमाश को पकड़ने में प्रतापनगर थानाधिकारी सुनील ताड़ा, साइबर सेल भीलवाड़ा के हैड कांस्टेबल किशोर व दीपक, कांस्टेबल गोविंद सहित हैड कांस्टेबल उषाराम एवं कांस्टेबल अशोक का विशेष और सराहनीय योगदान रहा। पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।