(महेन्द्र नागौरी)
भीलवाड़ा |स्मार्ट हलचल।सरकारी स्कूलों में खेल शिक्षा को सशक्त बनाने और पीटीआई भर्ती 2026 में पदों की संख्या बढ़ाकर 3000 करने की मांग को लेकर सोमवार को लाडो स्पोर्ट्स एकेडमी के बैनर तले युवाओं ने जोरदार नारेबाजी की। इसके बाद मुख्यमंत्री, राज्यपाल एवं शिक्षा मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन एडीएम सिटी प्रतिदेव ठेठिया को सौंपा गया।
अध्यक्ष किशन मालावत के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन स्कूलों में शारीरिक शिक्षकों के रिक्त पदों के कारण खिलाड़ियों को पर्याप्त प्रशिक्षण नहीं मिल पा रहा है। एकेडमी ने पीटीआई भर्ती में कम से कम 3000 पद सृजित करने, सभी रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति, अंग्रेजी माध्यम विद्यालयों में खेल शिक्षकों की तैनाती तथा ग्रामीण क्षेत्रों में खेल सुविधाओं के विस्तार की मांग उठाई।
ज्ञापन देने से पूर्व युवाओं ने जिला कलेक्ट्रेट परिसर में सरकार के समर्थन में खेल एवं रोजगार से जुड़े नारों के साथ प्रदर्शन कर अपनी मांगों को बुलंद किया। इस दौरान संजय खोईवाल, लवराज गुर्जर, प्रहलाद खटीक, कमल भाटिया, तुलसी छीपा, महेंद्र गुर्जर सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और युवा मौजूद रहे।
