सूरज छतरी एवं रानीजी की बावड़ी पर विशेष योग शिविर आयोजित, ऐतिहासिक धरोहरों पर योगाभ्यास कर स्वस्थ रहने का दिया संदेश

बूंदी- स्मार्ट हलचल।जिला प्रशासन एवं आयुर्वेद विभाग द्वारा आगामी 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के काउंटडाउन अभियान के तहत जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव के मार्गदर्शन में शहर की पश्चिमी पहाड़ी पर स्थित सूर्य-नारायण छतरी (सूरज छतरी) तथा ऐतिहासिक पर्यटन स्थल रानीजी की बावड़ी पर विशेष योगाभ्यास सत्र आयोजित किया गया। योग दिवस सहायक नोडल अधिकारी डॉ. सुनील कुशवाह के निर्देशन में प्राकृतिक सौंदर्य और ऐतिहासिक विरासत के मध्य आयोजित इस योग सत्र ने प्रतिभागियों को स्वास्थ्य, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का अनूठा अनुभव प्रदान किया।

विशेष योग सत्र के दौरान योग साधकों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं उन्नत योग क्रियाओं का अभ्यास किया। प्रशिक्षकों द्वारा शारीरिक संतुलन, मानसिक एकाग्रता एवं आंतरिक ऊर्जा को विकसित करने वाले अभ्यास करवाए गए। कार्यक्रम का समापन सामूहिक शांति पाठ के साथ हुआ, जिससे वातावरण सकारात्मक ऊर्जा एवं आध्यात्मिक अनुभूति से ओतप्रोत हो उठा। प्रशिक्षकों ने कहा कि योग व्यक्ति को स्वयं से जोड़ने के साथ-साथ प्रकृति और संस्कृति के प्रति संवेदनशील बनाता है।

इस अवसर पर श्री जी योगशाला निदेशक व योग गुरु दीपक गुर्जर, प्रशिक्षक भूपेन्द्र योगी, शक्ति तोषनीवाल, शिखर पंचोली, चांदनी वरयानी, सरला कुशवाह, पूजा खत्री, महिमा शर्मा, सुधा चौधरी, चारू अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में योग साधकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में परिवार सहित सहभागिता करने की अपील की