चंडीगढ़, स्मार्ट हलचल। अखिल भारतीय जीनगर समाज एकीकरण महासभा एवं जीनगर समाज, पंजाब के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने आज चंडीगढ़ स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचकर कुमारी डिंपल खत्री हत्याकांड के संबंध में पुलिस महानिदेशक, पंजाब श्री अमरजीत सिंह राय को ज्ञापन सौंपा तथा मामले में निष्पक्ष एवं त्वरित कार्रवाई की मांग की।
पुलिस महानिदेशक श्री अमरजीत सिंह राय ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरतापूर्वक सुनते हुए आश्वस्त किया कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। कानून के दायरे में रहकर दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कदम उठाए जाएंगे। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक द्वारा एस.पी. पटियाला को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के कड़े निर्देश भी जारी किए गए।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल:
महासभा के संस्थापक सदस्य नवरतन जीनगर ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री लोकेश परमार ने किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में श्री हेमेंद्र चौहान (अध्यक्ष, जीनगर समाज उदयपुर), श्री हरिराम गहलोत (प्रदेश अध्यक्ष, जीनगर समाज पंजाब), श्री दयाराम निर्वाण (प्रदेश सचिव, जीनगर समाज पंजाब), श्रीमती सुचेता बागड़ी (स्वर्गीय डिंपल खत्री की निकट संबंधी), श्री लकी गहलोत एवं श्री समरजीत सिंह बावा उपस्थित रहे।
ज्ञापन के माध्यम से की गई ये प्रमुख मांगें:
१. प्रकरण की निष्पक्ष जांच विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर करवाई जाए।
२. घटना में संलिप्त सभी दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी धाराएं लगाई जाएं।
३. मामले की सुनवाई और संचालन के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जाए।
४. पीड़ित परिवार को सामाजिक व आर्थिक संबल देने हेतु उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।
प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस महानिदेशक द्वारा दिए गए सकारात्मक आश्वासन पर पूर्ण संतोष व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि पंजाब पुलिस इस जघन्य हत्याकांड में त्वरित कार्रवाई कर दिवंगत कुमारी डिंपल खत्री एवं उनके पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
