—> “जय बाबा री” से गूंजा नगर फोर्ट: मूर्ति स्थापना से पहले कलश यात्रा में दिखा अभूतपूर्व उत्साह।
महेंद्र कुमार सैनी
स्मार्ट हलचल/नगर फोर्ट बैरवा मोहल्ला, हायर सेकेंडरी स्कूल के पास स्थित नगर फोर्ट में आयोजित श्री श्री 1008 श्री बाबा रामदेव जी महाराज मूर्ति स्थापना महोत्सव आज अपने चरम पर पहुंचा। मंगलवार को निकाली गई भव्य कलश यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूरे नगर को “जय बाबा री” के जयकारों से गुंजायमान कर दिया।
कलश यात्रा का विहंगम दृश्य
मंगलवार सुबह से ही नगर फोर्ट में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। सिर पर मंगल कलश धारण कर पीले-लाल परिधानों में सजीं सैकड़ों महिलाएं, युवा और बुजुर्ग डीजे की धुन पर नाचते-गाते चल रहे थे। यात्रा का शुभारंभ हायर सेकेंडरी स्कूल के पास से हुआ जो पूरे बैरवा मोहल्ला से मेन बाजार, बड़ा बस स्टैंड होते हुए मंदिर प्रांगण तक पहुंची। जगह-जगह पुष्प वर्षा और स्वागत द्वारों से यात्रा का स्वागत किया गया। आयोजन की भव्यता
आयोजक बैरवा समाज, नगर फोर्ट द्वारा यह पांच दिवसीय महोत्सव 3 जून को गणेश निमंत्रण से शुरू हुआ था। 15 जून को रामायण पाठ और 16 जून को भजन संध्या के साथ-साथ कलश यात्रा का आयोजन किया गया। कल बुधवार, 17 जून को मुख्य मूर्ति स्थापना कार्यक्रम संपन्न होगा। कार्यक्रम आचार्य रामकुंवार महाराज, मांडकला एवं यज्ञाचार्य पंडित संजय शर्मा के सानिध्य में संपन्न हो रहा है। मंच संचालन लादू लाल,अध्यापक बोसेरिया द्वारा किया जा रहा है।श्रद्धालुओं में उत्साह आयोजन समिति के ओमप्रकाश ने बताया कि “बाबा रामदेव जी के आशीर्वाद से आज की कलश यात्रा में हजारों की संख्या में मातृशक्ति, युवा और नगरवासी शामिल हुए। पूरा माहौल भक्तिमय हो गया है।”कल 17 जून को मूर्ति स्थापना के साथ इस महोत्सव का समापन होगा, जिसकी तैयारियां जोरों पर हैं।
