अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।अतिरिक्त जिला कलक्टर (एडीएम) ब्रह्मलाल जाट ने मंगलवार को मसूदा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत शिवपुराघाटा एवं नाडी में आयोजित ‘ग्रामीण सेवा शिविर-2026’ का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए काउंटरों का अवलोकन किया और कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। एडीएम ने शिविर में आए ग्रामीणों से सीधा संवाद कर सरकार की योजनाओं का फीडबैक लिया और अधिकारियों को आमजन की समस्याओं का त्वरित और संवेदनशील निस्तारण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एडीएम ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण सेवा शिविर राज्य सरकार की एक बेहद जनहितैषी पहल है, जिसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को उनके गांव के स्तर पर ही राहत पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को पाबंद करते हुए कहा, “शिविर में आने वाले आवेदनों का यथासंभव मौके पर ही निस्तारण किया जाए, ताकि ग्रामीणों को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें।” इसके साथ ही उन्होंने भीषण गर्मी को देखते हुए शिविर स्थलों पर छाया (टेंट), ठंडे पेयजल और बैठने की उत्तम व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविरों में विभागों की रही बंपर प्रगति:
निरीक्षण के दौरान दोनों ग्राम पंचायतों में विभिन्न विभागों द्वारा मौके पर ही लोगों को राहत प्रदान की गई:
ग्राम पंचायत शिवपुराघाटा: यहाँ पंचायती राज विभाग द्वारा 5 पट्टे जारी किए गए और 10 शौचालयों की स्वीकृति दी गई। राजस्व विभाग ने कार्रवाई करते हुए 5 शुद्धि व बंटवारे के मामले सुलझाए और 21 नामांतरण खोले। कृषि विभाग की ओर से 25 किसानों को सॉइल हेल्थ कार्ड बांटे गए।
ग्राम पंचायत नाडी: इस शिविर में पंचायती राज विभाग ने 4 पट्टे और 12 शौचालयों की स्वीकृति जारी की। राजस्व विभाग ने 3 शुद्धि-बंटवारे के मामलों का निपटारा कर 14 नामांतरण किए। वहीं कृषि विभाग ने 28 किसानों को सॉइल हेल्थ कार्ड वितरित किए।
इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा और अन्य जनकल्याणकारी विभागों ने भी पात्र व्यक्तियों को मौके पर ही सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया।
इस अवसर पर शिविर प्रभारी एवं विकास अधिकारी (मसूदा) संदेश पाराशर सहित ब्लॉक स्तर के तमाम आला अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। गांव में ही प्रशासनिक काम होने पर स्थानीय ग्रामीणों ने भी राज्य सरकार की इस मुहिम की जमकर सराहना की।
