स्मार्ट हलचल।
लाडपुरा, 17 जून 2026। स्मार्ट हलचल।स्वर्गीय भंवर लाल जोशी (पूर्व विधायक) एवं श्री जोगणिया माता संस्थान के संस्थापक अध्यक्ष की तृतीय पुण्यतिथि के अवसर पर आज विभिन्न सामाजिक, पर्यावरण और धार्मिक कार्यक्रमों का श्रद्धापूर्वक आयोजन किया गया। इस मौके पर क्षेत्र के पूज्य संतों, संस्थान के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
स्वर्गीय जोशी की स्मृति में संस्थान द्वारा ठुकराई चौराहे से श्री नगर तक मुख्य सड़क के दोनों ओर 501 फलदार वृक्ष लगाने का संकल्प लिया गया। इन फलदार पौधों को इस वर्ष वर्षा ऋतु के दौरान क्रमबद्ध तरीके से लगाया जाएगा और इनकी उचित देखरेख व सुरक्षा संस्थान द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।
त्रिवेणी संगम पर श्रमदान एवं जोगणिया माता पीठ में विशेष अनुष्ठान:
इस पुनीत अवसर पर सर्वप्रथम त्रिवेणी संगम पर घाट स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया गया और वहाँ उपस्थित जलीय मछलियों को दाना अर्पित किया गया। इसके पश्चात त्रिवेणी महादेव मंदिर में भगवान शिव का विशेष अभिषेक कर दिव्यात्मा की सद्गति हेतु प्रार्थना की गई। साथ ही, श्री जोगणिया माता शक्तिपीठ में चल रहे पाटोत्सव के समापन पर माताजी की विशेष पूजा-अर्चना की गई। संस्थान के कार्यालय में पूर्व अध्यक्ष स्व. भंवर लाल जोशी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा गया।
श्रद्धांजलि सभा में ये वरिष्ठ जन रहे उपस्थित:
इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष सत्यनारायण जोशी, मेड़केश्वर महादेव के महंत नंदकिशोर दास महाराज, कन्हैया लाल मेवाड़ा, रमेश गुर्जर, सूरजमल गुर्जर, सीताराम धाकड़, लक्ष्मण धाकड, दिनेश सनाढ्य, डॉ. श्याम बिहारी दिनकर, महेंद्र सोलंकी, महेश सोनी, प्यारचंद सोनी, सांवरमल शर्मा, नारायण लाल शर्मा, राजभगत सिंह राठौड़, कन्हैया लाल जैन, रामप्रसाद वैष्णव, गोपाल पालीवाल, रामेश्वर लाल गुर्जर एवं वेद विद्यालय के बटुक जन उपस्थित थे।
