चित्तौड़गढ़, 17 जून। स्मार्ट हलचल।हिन्दुस्तान जिंक द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के शैक्षणिक एवं व्यक्तित्व विकास के उद्देश्य से संचालित शिक्षा संबल ग्रीष्मकालीन शिविर का समापन समारोह जिंक नगर स्थित एक्जीक्यूटिव क्लब में आयोजित किया गया। समारोह में जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में हिन्दुस्तान जिंक द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं। समर कैंप विद्यार्थियों के ग्रीष्मकालीन अवकाश के सदुपयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो बच्चों के भविष्य की मजबूत नींव तैयार करता है। उन्होंने कहा कि देश को आगे बढ़ाने के लिए नई पीढ़ी में निवेश करना आवश्यक है तथा विद्यार्थियों में जिज्ञासा, सीखने की इच्छा और चुनौतियों का सामना करने का साहस होना चाहिए।
हिन्दुस्तान जिंक के चंदेरिया स्मेल्टिंग कॉम्प्लेक्स के ग्रामीण विकास कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में जिले के 17 राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों के 250 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। शिविर में गणित, विज्ञान और अंग्रेजी विषयों के साथ-साथ खेलकूद, योग, कला, सांस्कृतिक गतिविधियों तथा व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान दिया गया।
समारोह में चंदेरिया स्मेल्टिंग कॉम्प्लेक्स के लोकेशन हेड आलोक रंजन ने विद्यार्थियों को शिक्षा संबल, ऊंची उड़ान एवं अन्य सीएसआर योजनाओं की जानकारी देते हुए अनुशासन, आत्मविश्वास और संवाद कौशल के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से शिविर में प्राप्त ज्ञान को जीवन में अपनाने और सफलता के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।
समापन समारोह में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और अपने अनुभव साझा किए। उत्कृष्ट उपस्थिति एवं प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में सीडीईओ प्रमोद दशोरा, अतिरिक्त निदेशक पशुपालन विभाग सुमेर सिंह, सीएसआर हेड सुंदरराज, सीएसओ जी मल्लेशम, मनीषा भाटी, योगेश वर्मा, सुभाष शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।
