हमीरगढ़ में एक घंटे में 1 इंच बारिश, बाजारों, सड़को, गलियों और खेतों में भरा पानी

हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसूरी)। कस्बे में शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और करीब एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया। लगभग 1 इंच बारिश दर्ज होने से शहर के कई निचले इलाकों, मुख्य बाजारों, गलियों और खेतों में पानी भर गया। बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों के चेहरों पर भी खुशी देखने को मिली। तेज बारिश के कारण मुख्य बाजार, बस स्टैंड क्षेत्र, विभिन्न कॉलोनियों और कई गलियों में पानी जमा हो गया। सड़कें जलमग्न होने से राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर नालियों का पानी भी सड़कों पर बहने लगा।
बारिश का पानी खेतों में भरने से खरीफ फसलों की बुवाई की तैयारी कर रहे किसानों को राहत मिली। हालांकि कुछ निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति भी बन गई। मौसम सुहावना होने से लोगों ने गर्मी से राहत की सांस ली और बच्चों ने बारिश का आनंद उठाया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कस्बे में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बारिश में कई क्षेत्रों में पानी भर जाता है, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने प्रशासन से जल निकासी व्यवस्था में सुधार की मांग की है।