स्वस्थ जीवन का दिया संदेश,बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने किया योग
मंगरोप@मुकेश खटीक।आयुर्वेद,योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा,यूनानी तथा होम्योपैथी(आयुष)विभाग के तत्वावधान में रविवार को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मंगरोप कस्बे के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में ग्राम पंचायत स्तरीय सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को योग के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।कार्यक्रम का आयोजन आयुष विभाग की नोडल अधिकारी डॉ.गरिमा माहेश्वरी एवं सुमन कंवर राठौड़ के नेतृत्व में किया गया।योग प्रशिक्षक दिनेश बैरवा,भावना खटीक के मार्गदर्शन में उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन,प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास किया।साथ ही नियमित योग के शारीरिक,मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों की जानकारी भी दी गई।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है,जो व्यक्ति को स्वस्थ,सकारात्मक एवं तनावमुक्त जीवन जीने की प्रेरणा देता है।नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक रोगों से बचाव होता है,बल्कि मानसिक शांति एवं आत्मविश्वास में भी वृद्धि होती है।योग कार्यक्रम में राघव सोमाणी,सुरेन्द्र सोलंकी,ग्राम विकास अधिकारी रामभंवर सिंह राणावत,रतन खटीक,कालूलाल रेगर,पंचायत समिति सदस्य प्रकाश मारू,अनिता खटीक,मनभर एवं विनीता खोईवाल सहित बड़ी संख्या में पुरुषों एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।प्रतिभागियों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया तथा योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने का संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान पूरे वातावरण में स्वास्थ्य जागरूकता,सकारात्मक ऊर्जा एवं उत्साह का माहौल देखने को मिला।ग्रामीणों ने ऐसे आयोजनों को जनस्वास्थ्य के लिए उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी नियमित रूप से योग शिविर आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
