हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसूरी) हमीरगढ़ रेलवे फाटक के पास बने अंडरब्रिज के नाले से आनंद विहार कॉलोनी में लगातार पानी भरने की समस्या से स्थानीय लोग परेशान हैं। कॉलोनीवासियों का कहना है कि नाले का पानी कई मकानों तक पहुंच रहा है, जिससे घरों में जलभराव के साथ जहरीले जीव-जंतुओं का हर समय खतरा बना हुआ है। रविवार को कॉलोनी के लोगों ने रेलवे स्टेशन पहुंचकर रेलवे के (ADEN) के नाम पत्र लिखते हुए समस्या के स्थायी समाधान की मांग की। पत्र में बताया गया कि बरसात के दौरान अंडरब्रिज क्षेत्र से निकासी का पानी सीधे कॉलोनी की ओर आ जाता है, जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई मकानों में पानी घुसने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है तथा बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। कॉलोनीवासियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि नाले की उचित सफाई, जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था एवं स्थायी समाधान के लिए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस समस्या से राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा।
