भारतीय सेना के अग्निवीर ओमप्रकाश योगी का बराना में ऐतिहासिक स्वागत

मोड़ का निंबाहेड़ा (सुरेश चन्द्र मेघवंशी)
भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में चयनित होकर प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद पहली बार अपने पैतृक गांव बराना पहुंचे जवान ओमप्रकाश योगी का ग्रामीणों ने भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया। गांव में उनके आगमन पर देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और ग्रामीणों ने पलक-पावड़े बिछाकर अपने वीर सपूत का अभिनंदन किया।

जानकारी के अनुसार बराना निवासी स्वर्गीय लादू नाथ योगी के पुत्र ओमप्रकाश योगी जैसे ही कांवलाश चौराहे पहुंचे, वहां उपस्थित ग्रामीणों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद गांव में फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और साफा पहनाकर उनका सम्मान किया गया।

इस अवसर पर बराना के अनुपम पारीक ने ओमप्रकाश योगी को साफा पहनाकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश योगी ने भारतीय सेना में शामिल होकर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी उपलब्धि युवाओं के लिए राष्ट्रसेवा की प्रेरणा है।

स्वागत समारोह के दौरान पूरा गांव देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। ग्रामीणों ने कहा कि ओमप्रकाश योगी की सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी सेना में भर्ती होकर देश सेवा के लिए प्रेरित करेगी।

इस मौके पर कमलेश जाट फौजी, अनुराग पारीक, अमान रेबारी, हरफूल जाट, घनश्याम जाट, सुनील जाट फौजी, अम्बा नाथ योगी, जगदीश नाथ योगी, किशन नाथ योगी, महादेव जाट, चेतन योगी, लोकेश योगी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने जवान ओमप्रकाश योगी के सफल, सुरक्षित एवं उज्ज्वल सैन्य जीवन की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।