अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।ब्यावर जिले में आज रविवार, 28 जून से तीन दिवसीय राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शंखनाद होने जा रहा है। राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार यह विशेष अभियान 28 से 30 जून 2026 तक चलाया जाएगा, जिसके तहत जिले के 0 से 5 वर्ष तक के 1 लाख 77 हजार 914 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य रखा गया है।
1043 बूथों पर सुबह 8 बजे से मिलेगी ‘दो बूंद’
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. संजय गहलोत ने बताया कि अभियान के सफल संचालन के लिए जिले भर में कुल 1043 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। ये बूथ सभी सरकारी व निजी स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों और सरकारी व निजी अस्पतालों में रविवार सुबह 8:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक खुले रहेंगे। विभाग की कोशिश रहेगी कि अभियान के पहले ही दिन यानी 28 जून को ज्यादा से ज्यादा बच्चों को कवर कर लिया जाए।
छूटे हुए बच्चों के लिए दो दिन चलेगा ‘घर-घर’ दस्तक अभियान
डॉ. गहलोत ने जानकारी दी कि जो बच्चे रविवार को किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे, उनके लिए अभियान के दूसरे और तीसरे दिन (29 व 30 जून) स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर दवा पिलाएंगी। इस दौरान हाई रिस्क वाले क्षेत्रों, ईंट भट्टों, कंस्ट्रक्शन साइट्स, नई कॉलोनियों और प्रवासी (मजदूर) परिवारों के बच्चों पर विशेष फोकस रहेगा, ताकि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा चक्र से वंचित न रहे।
प्रशासन की अपील: जागरूकता दिखाएं अभिभावक
जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने ब्यावर जिले के सभी नागरिकों और अभिभावकों से पुरजोर अपील की है कि वे अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी नौनिहालों को नजदीकी पोलियो बूथ पर जरूर ले जाएं और उन्हें पोलियो रोधी दवा की खुराक पिलवाकर राष्ट्र को पोलियो मुक्त बनाए रखने में अपना योगदान दें।
