शराब के पैसों के विवाद में कारोबारी पर की थी अंधाधुंध फायरिंग; ₹2000 का इनामी बदमाश पुलिस की गिरफ्त में
अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।ब्यावर जिले के बर थाना क्षेत्र के अंतर्गत झाला की चौकी पर हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसके एक साथी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तार मुख्य आरोपी टिकम नायक पर पुलिस द्वारा 2000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए वाहन को भी बरामद कर लिया है।
पुरानी रंजिश और जानलेवा हमला
पुलिस के अनुसार, बीती 18 मई 2026 को झाला की चौकी से बिराटिया खुर्द जाने वाली रोड पर स्थित एक शराब ठेके के केबिन पर पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद का बदला लेने और शराब कारोबारी धर्मीचंद को जान से मारने की नीयत से आरोपी टिकम नायक ने अपने साथियों के साथ मिलकर रैकी की थी।
इसके बाद, 21 जून 2026 को शाम करीब 6:15 बजे मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए बदमाशों ने धर्मीचंद के निवास स्थान के सामने अंधाधुंध फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस थाना बर में विभिन्न गंभीर धाराओं (BNS और आर्म्स एक्ट) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
6 जिलों में दबिश, बस रुकवाकर दबोचा इनामी बदमाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) रतनसिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया व वृताधिकारी रायपुर बंशीलाल पाण्डर के सुपरविजन में विशेष टीमों का गठन किया गया।
पुलिस टीमों ने आरोपियों की तलाश में ब्यावर, अजमेर, राजसमन्द, उदयपुर, जोधपुर और पाली के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। इस दौरान साइबर सेल की तकनीकी सहायता और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने ब्यावर-उदयपुर रोड पर एक संदिग्ध बस को रुकवाया और ₹2000 के इनामी अपराधी टिकम नायक को डिटेन कर लिया।
सह-आरोपी भी जवाजा से गिरफ्तार
मुख्य अभियुक्त से कड़ाई से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसके सह-आरोपी कचरूराम को जवाजा थाना क्षेत्र से वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन सहित गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
टिकम नायक (उम्र 25 वर्ष): निवासी झाला की चौकी, थाना बर (मुख्य आरोपी, जिसके खिलाफ पहले भी चोरी और एससी/एसटी एक्ट के संगीन मामले दर्ज हैं)।
कचरूराम (उम्र 22 वर्ष): निवासी बाडिया गैना, थाना जवाजा।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
इस सफल कार्रवाई में बर थानाधिकारी (उप निरीक्षक) पन्नालाल, हेड कांस्टेबल वेदप्रकाश, कांस्टेबल महिपाल, गिरधारी, कालूराम, होनाराम और ब्यावर जिला साइबर सेल की मुख्य भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों से मामले में गहन पूछताछ कर रही है।
