भीलवाड़ा में अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक की तैयारियां तेज

भीलवाड़ा में अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक की तैयारियां तेज






भीलवाड़ा: वस्त्रनगरी भीलवाड़ा में प्रस्तावित अखिल भारतीय तैलिक साहू महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक एवं सामाजिक जागृति महासम्मेलन की तैयारियों को गति देते हुए राजस्थान प्रांतीय तैलिक साहू महासभा ने आयोजन समिति का गठन कर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं।

महासभा के प्रदेशाध्यक्ष देवीलाल साहू द्वारा जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार कार्यक्रम के सफल संचालन एवं व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न पदाधिकारियों की नियुक्तियां की गई हैं।

महासभा द्वारा जारी नियुक्ति पत्र में प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रहलाद दिया (बड़ी हरणी) को आयोजन समिति का संयोजक नियुक्त किया गया है। वहीं राष्ट्रीय युवा उपाध्यक्ष देवराज तेली तथा विधि प्रकोष्ठ प्रदेश प्रभारी एडवोकेट कुशल साहू को सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नियुक्त पदाधिकारी संगठन के वरिष्ठजनों, सामाजिक प्रतिनिधियों एवं स्थानीय पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम स्थल चयन, उपसमितियों का गठन, प्रशासनिक अनुमतियों, अतिथि स्वागत एवं अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देंगे।

महासभा के अनुसार भीलवाड़ा में आयोजित होने वाला यह दो दिवसीय राष्ट्रीय आयोजन समाज की एकता, संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक जागरूकता के दृष्टिकोण से ऐतिहासिक साबित होगा। कार्यक्रम में देशभर से महासभा के राष्ट्रीय पदाधिकारी, विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधि, समाज के जनप्रतिनिधि एवं करीब 20 हजार प्रबुद्धजन भाग लेंगे।

महासभा प्रदेशाध्यक्ष देवीलाल साहू ने नव नियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनकी सक्रियता और अनुभव से कार्यक्रम भव्य एवं सफल होगा। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से सहयोग एवं सहभागिता का आह्वान किया।

इस नियुक्ति के साथ ही भीलवाड़ा में होने वाले राष्ट्रीय स्तर के महासम्मेलन को लेकर समाजजन में उत्साह का माहौल है और तैयारियां तेज हो गई हैं।