अनिल कुमार
जैतारण/ब्यावर।स्मार्ट हलचल।मादक पदार्थ तस्करों और अवैध नशे के खिलाफ ब्यावर जिला पुलिस द्वारा चलाई जा रही मुहिम में बुधवार को जैतारण थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (A.N.T.F.) चौकी पाली को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए निमाज क्षेत्र से एक 82 वर्षीय बुजुर्ग को अवैध अफीम की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 134.64 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम बरामद की है।
सटीक सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
मिली जानकारी के अनुसार, ए.एन.टी.एफ. चौकी पाली को क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थ होने की पुख्ता सूचना मिली थी। इस सूचना पर ब्यावर जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया एवं वृत्ताधिकारी (डीएसपी) जैतारण रमेन्द्रसिंह हाड़ा के सुपरविजन में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
जैतारण थानाधिकारी व पुलिस निरीक्षक धोलाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए निमाज के ‘बेरा गौरवा पीपावतो का’ इलाके में दबिश दी। वहाँ रहने वाले ढगलाराम पुत्र बालूराम (उम्र 82 वर्ष) के रहवासी कमरे की जब सघन तलाशी ली गई, तो कमरे के भीतर से 134.64 ग्राम अवैध अफीम पाई गई। पुलिस ने मौके से ही अवैध मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी ढगलाराम को गिरफ्तार कर लिया।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज, अनुसंधान जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना जैतारण में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 और 8/25 के तहत प्रकरण संख्या 279/2026 दर्ज किया है। मामले की निष्पक्ष और अग्रिम जांच (अनुसंधान) ब्यावर जिले के ही रास थानाधिकारी मंजू मुलेवा (नि०पु०) के जिम्मे की गई है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह अफीम कहाँ से लाया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।
सराहनीय भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम:
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में जैतारण थानाधिकारी धोलाराम, उपनिरीक्षक रामकिशन, हेड कांस्टेबल राजाराम (1291), कांस्टेबल शिवनारायण (637), कांस्टेबल मनोहरलाल, कांस्टेबल विकास (506) तथा कांस्टेबल दुर्गाराम (468) शामिल रहे।
