( महेन्द्र नागौरी)
सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन, नगर विकास न्यास में पूर्णकालिक सचिव नियुक्ति और भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की मांग
भीलवाड़ा| स्मार्ट हलचल।प्रॉपर्टी ब्रोकर्स एसोसिएशन भीलवाड़ा ने डीएलसी दरों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को आमजन और रियल एस्टेट कारोबार के लिए नुकसानदायक बताते हुए इसका कड़ा विरोध किया है। एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री के नाम अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर) को ज्ञापन सौंपकर डीएलसी दरों में फिलहाल कोई वृद्धि नहीं करने तथा नगर विकास न्यास की कार्यप्रणाली में सुधार की मांग उठाई।
एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश सोनी, सचिव महावीर कच्छारा और कोषाध्यक्ष मुकेश बहेड़िया के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि पिछले डेढ़ वर्ष में भीलवाड़ा में चार बार डीएलसी दरें बढ़ाई जा चुकी हैं, जबकि निर्माण दरें भी 1200 रुपये से बढ़ाकर 1800 रुपये प्रति वर्गफीट कर दी गई हैं। इससे मकान खरीदने वालों पर स्टांप शुल्क का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है और प्रॉपर्टी कारोबार भी प्रभावित हो रहा है।
एसोसिएशन ने नगर विकास न्यास में पूर्णकालिक सचिव की शीघ्र नियुक्ति की मांग करते हुए आरोप लगाया कि नामांतरण, भूखंड आवंटन, लीज जमा, भवन निर्माण स्वीकृति सहित कई कार्य अनावश्यक रूप से लंबित रखे जा रहे हैं। समस्या समाधान शिविरों के बावजूद लोगों को बार-बार न्यास के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे भ्रष्टाचार को भी बढ़ावा मिल रहा है।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि डीएलसी दरों में प्रस्तावित बढ़ोतरी पर रोक नहीं लगाई गई और नगर विकास न्यास की व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो एसोसिएशन आंदोलनात्मक कदम उठाने को मजबूर होगी।
इस दौरान उपाध्यक्ष मनोज कुमार शर्मा, घनश्याम मनिहार, सह सचिव विकास जैन, संगठन मंत्री अशोक बंसल, नरपतसिंह राठौड़, विजय डिडवानियां, रघु शर्मा, सुनील जैन, सूर्यभानसिंह राठौड़, किशन सोनी, सौरभ मणिहार सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
