गौशाला से 150 मीटर दूर मिले एक दर्जन से अधिक गोवंशों के अवशेष, बवाल

हिंदू सुरक्षा परिषद ने जताई गौहत्या की आशंका, पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर जांच शुरू की_

खखरेरू /स्मार्ट हलचल।फतेहपुर धाता विकासखंड क्षेत्र स्थित बिछियावां अस्थायी गौशाला से करीब 150 मीटर दूर ससुर खदेरी नदी किनारे झाड़ियों में एक दर्जन से अधिक गोवंशों के अवशेष, खाल और शरीर के अंग मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और हिंदू संगठनों के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। मामले को लेकर हिंदू सुरक्षा परिषद ने गौहत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह पशु चराने गए चरवाहों ने नदी किनारे झाड़ियों में बड़ी संख्या में गोवंशों के अवशेष पड़े देखे। इसकी सूचना हिंदू सुरक्षा परिषद के गौ रक्षा जिला अध्यक्ष को दी गई। सूचना मिलते ही संगठन के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। उनका दावा है कि करीब 500 मीटर क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक गोवंशों के अवशेष बिखरे पड़े थे।
सूचना पर कार्यवाहक थाना प्रभारी श्याम सुंदर गिरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सीमा विवाद की स्थिति स्पष्ट होने पर सैनी थाना पुलिस तथा क्षेत्राधिकारी सिराथू सत्येंद्र तिवारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और उच्चाधिकारियों को जानकारी दी।

हिंदू सुरक्षा परिषद के प्रदेश अध्यक्ष रवि पांडेय ने आरोप लगाया कि घटनास्थल पर खून के निशान और धारदार हथियार मिलने से बड़े पैमाने पर गौहत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि मामले को दबाने का प्रयास नहीं होना चाहिए तथा निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।
वहीं, मौके पर मौजूद कुछ ग्रामीणों का कहना था कि घटनास्थल आसपास के गांवों से करीब दो किलोमीटर दूर है और वहां तक पहुंचने का रास्ता भी कठिन है। ऐसे में स्वाभाविक रूप से मृत गोवंशों को इतनी दूर लाकर फेंके जाने की संभावना कम प्रतीत होती है। इस कारण पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

क्षेत्राधिकारी सिराथू सत्येंद्र तिवारी ने पशु चिकित्सकों को बुलाकर सभी अवशेषों का पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए। इसके बाद जेसीबी मशीन से गड्ढा खुदवाकर अवशेषों को सुरक्षित दफन कराया गया। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की उच्चस्तरीय जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
घटनास्थल पर हिंदू सुरक्षा परिषद, बजरंग दल हिंद सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
गौशाला के समीप मिले गोवंशों के अवशेषों के संबंध में खंड विकास अधिकारी से संपर्क का प्रयास किया गया। उनका पक्ष प्राप्त होने पर प्रकाशित किया जाएगा।