जयपुर में हिस्ट्रीशीटर दंपती के अवैध अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, सरकारी जमीन कराई मुक्त

जयपुर, स्मार्ट हलचल। राजधानी जयपुर में अपराधियों और भू-अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को पुलिस और जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सांगानेर क्षेत्र में हिस्ट्रीशीटर दंपती द्वारा सरकारी भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई जयपुर पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों एवं सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। कार्रवाई के दौरान सांगानेर थाना पुलिस, अतिरिक्त पुलिस बल और जेडीए की प्रवर्तन टीम मौके पर मौजूद रही।

डीसीपी (पूर्व) रंजिता शर्मा ने बताया कि सांगानेर के कृष्णा विहार निवासी हिस्ट्रीशीटर श्योराज सांसी और गुड्डी सांसी ने अपने मकान के सामने सरकारी भूमि पर अवैध पक्के एवं कच्चे निर्माण कर आम रास्ते पर टीनशेड लगा दिया था। इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

संयुक्त टीम ने बुलडोजर की सहायता से अवैध निर्माण एवं टीनशेड को हटाकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में अपराधियों और भू-माफियाओं के खिलाफ अभियान लगातार जारी है तथा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।