जीजा पर साले ने डाला पेट्रोल, आग लगाकर जिंदा जलाया ,आरोपी भी झुलसा, अस्पताल में भर्ती

पंजाब के तरनतारन जिले के संघा गांव में घरेलू विवाद ने ऐसा खौफनाक मोड़ ले लिया कि दो लोगों की जान चली गई. पत्नी को मनाकर घर ले जाने पहुंचे एक युवक को उसके साले ने कथित तौर पर तेल डालकर आग के हवाले कर दिया. आग की चपेट में आकर युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसे बचाने की कोशिश में झुलसी आरोपी की भाभी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है.

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान अमृतसर जिले के गांव लोपोके निवासी लवप्रीत सिंह के रूप में हुई है. वहीं दूसरी मृतका की पहचान गांव संघा निवासी गुरजीत कौर के तौर पर हुई है.

पत्नी को मनाने पहुंचा था ससुराल

शुरुआत जांच के अनुसार, लवप्रीत सिंह की पत्नी संदीप कौर किसी पारिवारिक विवाद के बाद नाराज होकर अपने मायके गांव संघा आकर रह रही थी. पत्नी को मनाकर वापस घर ले जाने के लिए लवप्रीत शनिवार को अपने ससुराल पहुंचा था.पुलिस के अनुसार यह मामला 13 जून को तरनतारन जिले के संघा गांव का है। मृतक की पहचान लवप्रीत सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के बाद उसकी पत्नी संदीप कौर मायके चली गई थी। रिश्ते में आई खटास को खत्म करने और पत्नी को वापस घर लाने के लिए लवप्रीत ससुराल पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि पत्नी के भाई साजन सिंह ने गुस्से में लवप्रीत पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़क दिया और आग लगा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि लवप्रीत को संभलने का मौका नहीं मिला और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बचाने दौड़ी साली भी आग की चपेट में आई
घटना के दौरान बीच-बचाव करने और लवप्रीत को बचाने के लिए उसकी साली गुरजीत दौड़ी, लेकिन वह भी आग की चपेट में आ गई। गंभीर रूप से झुलसने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

आरोपी भी झुलसा, अस्पताल में भर्ती
वारदात के दौरान आरोपी साजन सिंह भी आग से झुलस गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ सदर थाना तरनतारन में हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

वायरल वीडियो ने बढ़ाई सनसनी
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एक युवक स्कूटी के पास खड़ा दिखाई देता है। तभी दूसरा व्यक्ति उसके ऊपर किसी ज्वलनशील पदार्थ जैसा तरल डालता है। इसी दौरान एक महिला उसे रोकने की कोशिश करती है, लेकिन आरोपी आग लगा देता है। आग की लपटों से घिरा युवक जान बचाने के लिए भागता है और पास की नाली में कूदकर आग बुझाने का प्रयास करता है, लेकिन कुछ ही सेकंड में वह जमीन पर गिर पड़ता है। बाद में उसे और झुलसी महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां दोनों की मौत हो गई। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है और मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।