ब्यावर में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन; भ्रामक लेबलिंग के कारण 11,520 एनर्जी ड्रिंक कैन सीज

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलहल|चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, राजस्थान सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ के तहत ब्यावर जिले में सघन जांच अभियान जारी है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण जयपुर व जिला कलेक्टर कमल राम मीणा के विशेष निर्देशन एवं CMHO डॉ. संजय गहलोत के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा दल ने आज एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।

खाद्य सुरक्षा दल द्वारा ब्यावर स्थित श्री श्याम ट्रेडिंग कंपनी पर औचक निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान वहां मौजूद ‘कैम्पा एनर्जी ड्रिंक’ में FSSAI नियमों के विरुद्ध भ्रामक लेबलिंग पाई गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 11,520 कैन एनर्जी ड्रिंक को मौके पर ही सीज कर दिया और उनकी बिक्री पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया। साथ ही व्यापारी को भविष्य में ऐसी अनियमितता न दोहराने के लिए कड़ाई से पाबंद किया गया है।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी नारायण सिंह ने बताया कि मौके से ड्रिंक के नमूने (सैंपल) लेकर जांच के लिए अजमेर लैब भिजवा दिए गए हैं, जिसकी रिपोर्ट आने पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गर्भवती महिलाओं और बच्चों के लिए खतरनाक है अत्यधिक कैफीन
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि इन एनर्जी ड्रिंक्स पर कैफीन की मात्रा को लेकर अस्पष्ट और भ्रामक जानकारियां छपी होती हैं, जो FSSAI के मानकों के अनुरूप नहीं हैं। इनमें कैफीन की मात्रा बहुत अधिक होती है, जो गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और छोटे बच्चों के स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान पहुँचा सकती है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे जागरूक रहें। कोई भी खाद्य सामग्री खरीदने से पहले उसकी पैकिंग की तारीख, एक्सपायरी और निर्माता का पूरा विवरण जरूर देखें। यदि किसी उत्पाद पर भ्रामक जानकारी मिले, तो तुरंत विभाग को सूचित करें।