एनर्जी ड्रिंक’ के नाम पर बिक रही 2950 स्टिंग बोतलें जब्त, स्वास्थ्य महकमा की बड़ी कार्रवाई

‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत छापा, नमूने जांच के लिए अजमेर लैब भेजे; रिपोर्ट के बाद होगी कानूनी कार्रवाई

भीलवाड़ा(महेन्द्र नागौरी)
स्मार्ट हलहल|जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशन में चल रहे ‘शुद्ध आहार, मिलावट पर वार’ अभियान के तहत चिकित्सा विभाग ने शुक्रवार को शहर में बड़ी कार्रवाई करते हुए स्टिंग ब्रांड की 2950 कैफीनेटेड पेय पदार्थ (एनर्जी ड्रिंक के नाम से बेची जा रही) बोतलों को जब्त कर लिया। खाद्य सुरक्षा टीम ने मौके से नमूने लेकर जांच के लिए अधिकृत प्रयोगशाला, अजमेर भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित फर्म के खिलाफ खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि एफएसएसएआई के दिशा-निर्देशों के अनुसार कैफीनेटेड पेय पदार्थों पर ‘एनर्जी ड्रिंक’ या ‘स्पोर्ट्स ड्रिंक’ जैसे दावे भ्रामक श्रेणी में आते हैं। उपभोक्ताओं को भ्रमित होने से बचाने और खाद्य सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने के लिए जिलेभर में अभियान लगातार जारी रहेगा।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई मैसर्स मनोज इंटरप्राइजेज पर की गई। उन्होंने बताया कि अधिक कैफीन वाले पेय पदार्थों का अनियंत्रित सेवन स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। विभाग ने आमजन से अपील की है कि खाद्य एवं पेय पदार्थ खरीदते समय लेबल और वैधानिक जानकारी अवश्य जांचें तथा भ्रामक दावों वाले उत्पादों से सतर्क रहें।