वैदिक विधि-विधान से रखी गई आवास एवं कॉर्पोरेट कार्यालय की आधारशिला

पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना एवं पूर्व प्रधान मनोहरलाल आंजना ने किया भूमि पूजन,पेच एरिया में विकसित होगा आधुनिक जनसेवा एवं व्यावसायिक गतिविधियों का केंद्र

निंबाहेड़ा,12 जुलाई,(ज़ाकिर हुसैन)
स्मार्ट हलहल|नगर के पेच एरिया स्थित निजी आवास परिसर में शनिवार को सनातन परंपराओं,वैदिक संस्कारों एवं भारतीय वास्तुशास्त्र के अनुरूप प्रस्तावित आवास एवं अत्याधुनिक कॉर्पोरेट कार्यालय भवन की आधारशिला रखी गई। इस अवसर पर राजस्थान के पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना एवं छोटी सादड़ी पंचायत समिति के पूर्व प्रधान मनोहर लाल आंजना ने विधिवत भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

शुभ मुहूर्त में गांव बोरदिया निवासी पंडित राजेश जोशी एवं कोटड़ी कलां निवासी पंडित रोहित शर्मा के सान्निध्य में गणपति पूजन,नवग्रह पूजन,वास्तु शांति यज्ञ एवं हवन सम्पन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार एवं यज्ञ की पवित्र आहुतियों से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत हो उठा।

वास्तुशास्त्र एवं सनातन मान्यताओं के अनुरूप सम्पन्न हुए इस अनुष्ठान में भवन की उन्नति,परिवार की समृद्धि,संस्थागत विकास तथा क्षेत्र की सुख-शांति एवं खुशहाली की कामना की गई। उपस्थित जनों ने इसे केवल भवन निर्माण की शुरुआत नहीं, बल्कि विकास, जनसेवा और प्रगतिशील सोच की मजबूत नींव बताया।

निर्माणाधीन यह आधुनिक परिसर भविष्य में सामाजिक गतिविधियों, जनसंपर्क, व्यावसायिक प्रबंधन एवं जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। समारोह में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि मजबूत आधारशिला ही उज्ज्वल भविष्य का आधार होती है और यह परियोजना क्षेत्र के विकास में नई पहचान स्थापित करेगी।

कार्यक्रम में चेतक एंटरप्राइजेज के निदेशक हुकमीचंद जैन,भरत आंजना,पूरण आंजना,विक्रम आंजना,चन्द्रेश आंजना,विपिन आंजना,प्रणीत आंजना सहित आंजना परिवार के सदस्य तथा आंजना ग्रुप से जुड़े चार्टर्ड अकाउंटेंट मनोज लोढ़ा,प्रवीण सकलेचा, अधिकारी,कर्मचारी,स्टाफ सदस्य एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।