नमो उद्यान ओपन जिम विवाद में जहाजपुर नगरपालिका की बड़ी सफाई: घटिया उपकरण लगाने वाले ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की तैयारी

जहाजपुर | नमो उद्यान विवाद | नगरपालिका एक्शन 2026

नमो उद्यान ओपन जिम विवाद में जहाजपुर नगरपालिका की बड़ी सफाई: घटिया उपकरण लगाने वाले ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की तैयारी

9 लाख रुपये के ओपन जिम मामले में खबरों का असर; पालिका ने रोका फर्म का भुगतान, जल्द नई निविदा जारी कर लगाए जाएंगे उच्च गुणवत्ता के उपकरण
विशेष रिपोर्ट: मोहम्मद आज़ाद नेब

जहाजपुर, स्मार्ट हलचल। नमो उद्यान में करीब 9 लाख रुपये के ओपन जिम उपकरण गायब होने और घटिया निर्माण संबंधी समाचार प्रमुखता से प्रकाशित होने के बाद नगर पालिका मंडल जहाजपुर ने एक आधिकारिक प्रेस नोट जारी कर अपना पक्ष स्पष्ट किया है। पालिका का कहना है कि उद्यान में आमजन की सुविधा के लिए ओपन जिम स्थापित करने का कार्य जिस फर्म को सौंपा गया था, उसके खिलाफ टेंडर शर्तों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

घटिया उपकरणों के कारण रोका गया पूरा भुगतान:

प्रेस नोट के अनुसार, अनुबंधित फर्म द्वारा लगाए गए ओपन जिम उपकरण टेंडर की मूल शर्तों एवं निर्धारित तकनीकी गुणवत्ता के अनुरूप नहीं पाए गए। इस कारण नगर पालिका ने कार्य का भुगतान तुरंत रोक दिया और गुणवत्तापूर्ण सामग्री स्थापित करने के निर्देश दिए। निर्धारित शर्तों की पालना नहीं होने पर संबंधित फर्म के विरुद्ध टेंडर निरस्त करने एवं उसे ब्लैकलिस्ट करने की दंडात्मक कार्रवाई वर्तमान में प्रक्रियाधीन है।

एक भी रुपया नहीं हुआ खर्च, जल्द जारी होगा नया टेंडर:

नगर पालिका ने आमजन के समक्ष स्थिति साफ करते हुए कहा है कि इस कार्य के लिए अब तक पालिका की ओर से न तो किसी प्रकार का कोई भुगतान ठेकेदार को किया गया है और न ही कोई बिल भुगतान के लिए कार्यालय में लंबित है। आमजन की सेहत और सुविधा को देखते हुए नमो उद्यान में शीघ्र ही एक नई निविदा जारी कर मानक गुणवत्तापूर्ण ओपन जिम उपकरण स्थापित किए जाएंगे और उद्यान को बेहतर सुविधाओं से लैस किया जाएगा।