जहाजपुर थाने में नई कमान: कार्यभार संभालते ही बोले नवनियुक्त थाना प्रभारी दयाराम जाट— “अपराधियों में रहेगा खौफ, आमजन का बढ़ेगा भरोसा”
जहाजपुर, स्मार्ट हलचल। जिला पुलिस में हुए प्रशासनिक फेरबदल के बाद सोमवार को जहाजपुर थाने की कमान पुलिस निरीक्षक दयाराम चौधरी (जाट) ने संभाल ली है। सोमवार शाम करीब 7 बजे थाना परिसर पहुंचने पर पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और सलामी दी। इसके बाद थाना परिसर में विदाई व स्वागत समारोह का आयोजन किया गया।
थाना परिसर में आयोजित समारोह में स्थानांतरित थाना प्रभारी लोकपाल सिंह राठौड़ को पुलिस स्टाफ तथा स्थानीय पत्रकार संगठनों की ओर से माल्यार्पण एवं साफा पहनाकर भावभीनी विदाई दी गई। उपस्थित लोगों ने उनके सफल कार्यकाल की सराहना करते हुए उन्हें आगामी पोस्टिंग के लिए शुभकामनाएं दीं।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद नवनियुक्त थाना प्रभारी दयाराम जाट ने कहा कि उनकी प्राथमिकता आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और अपराधियों में कानून का भय कायम रखना होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठित अपराध, अवैध गतिविधियों तथा अन्य आपराधिक मामलों पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ पुलिस का इकबाल कायम रखा जाएगा और अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा। उन्होंने आमजन की शिकायतों का त्वरित व निष्पक्ष निस्तारण करने की प्रतिबद्धता जताई।
