सीएमओ के निर्देश पर पुलिस के साथ छापेमारी, बिना पंजीकरण और स्टाफ के चल रहे अस्पतालों पर गिरी गाज
लखीमपुर खीरी। स्मार्ट हलचल|जनपद में अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों और क्लीनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अस्पतालों को सील कर दिया, जबकि दो अन्य अस्पतालों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संतोष गुप्ता के निर्देश पर एसीएमओ एवं क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट नोडल अधिकारी डॉ. रवि मोहन गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम के साथ सलेमपुर कोन क्षेत्र में औचक छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान औरंगाबाद रोड स्थित ‘न्यू सम्राट हॉस्पिटल’ में न तो अस्पताल का वैध पंजीकरण मिला और न ही कोई चिकित्सक या पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद था। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोपहर 3:11 बजे अस्पताल को तत्काल सील कर दिया।
इसके बाद टीम ने राजकीय पॉलिटेक्निक के निकट संचालित ‘शुभ आदर्श हॉस्पिटल’ का निरीक्षण किया। यहां भी कोई जिम्मेदार स्टाफ मौजूद नहीं मिला। अस्पताल में भर्ती तीन मरीजों को सुरक्षित रूप से 102 एम्बुलेंस के माध्यम से जिला पुरुष अस्पताल और महिला अस्पताल में स्थानांतरित कराया गया, जिसके बाद शाम 4:53 बजे अस्पताल को भी सील कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान ‘जानकी हॉस्पिटल’ के ऑपरेशन थिएटर में आवश्यक एनेस्थीसिया ट्रॉली नहीं मिली। इस पर अस्पताल प्रबंधन को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए संबंधित अभिलेख, बिल और फोटोग्राफ प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
वहीं ‘सत्यम हॉस्पिटल’ का ऑनलाइन पंजीकरण आवेदन लंबित पाया गया। निरीक्षण के समय अस्पताल में कोई अधिकृत प्रभारी मौजूद नहीं था। विभाग ने वहां भर्ती छह मरीजों को डिस्चार्ज करने के बाद अस्पताल बंद कर चाबी विभाग में जमा कराने का नोटिस जारी किया है।
सीएमओ डॉ. संतोष गुप्ता ने स्पष्ट कहा कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले अवैध अस्पतालों और क्लीनिकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग का अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना पंजीकरण अथवा मानकों के विपरीत संचालित स्वास्थ्य संस्थानों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में एसीएमओ एवं क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट नोडल अधिकारी डॉ. रवि मोहन गुप्ता, विजय वर्मा, प्रभाकर तथा पुलिस टीम मौजूद रही। स्वास्थ्य विभाग की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध अस्पताल और क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मच गया है।
