माहेश्वरी समाज की जनगणना स्मारिका होगी प्रकाशित, हेल्पलाइन और अत्याधुनिक वाचनालय भी बनेगा

नगर माहेश्वरी सभा की पहली बैठक में समाजहित के कई ऐतिहासिक निर्णय, सामाजिक, शैक्षिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा

चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। चित्तौड़गढ़ नगर माहेश्वरी सभा के पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों एवं सभी 12 क्षेत्रीय इकाइयों के अध्यक्षों और मंत्रियों की प्रथम बैठक गुरुवार को लालजी का खेड़ा रोड, सेंथी स्थित अयोध्या धाम (Deep & Sip) में आयोजित हुई। बैठक में समाज के विकास, संगठन सुदृढ़ीकरण एवं जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए।

बैठक नगर सभा के संरक्षक एवं पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक काबरा, पूर्व जिला मंत्री शिव प्रकाश मंत्री तथा सहायक निर्वाचन अधिकारी मुकेश जेथलिया के आतिथ्य एवं नगर अध्यक्ष भारत माहेश्वरी की अध्यक्षता में संपन्न हुई।

बैठक में चित्तौड़गढ़ नगर विकास न्यास (यूआईटी) क्षेत्र में निवासरत सभी माहेश्वरी परिवारों का विस्तृत सर्वे कर जनगणना स्मारिका प्रकाशित करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। साथ ही अखिल भारतीय माहेश्वरी महासभा के पोर्टल पर अब तक अपंजीकृत परिवारों का पंजीयन कराने के लिए विशेष समिति गठित की गई।

समाज सेवा को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से माहेश्वरी हेल्पलाइन नंबर जारी करने का निर्णय लिया गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर समाज के लोगों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

बैठक में महिलाओं के लिए उजमाना, गोरथ और तीज जैसे पारंपरिक कार्यक्रम आयोजित करने, सावन माह में भगवान शिव के महाभिषेक, भोग एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित करने तथा समाज के विद्यार्थियों के लिए अत्याधुनिक वाचनालय स्थापित करने का भी निर्णय लिया गया।

इसके अलावा माहेश्वरी ब्लड डोनेशन अभियान, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, चिकित्सा शिविर, बाल संस्कार शिविर सहित अनेक जनहितकारी प्रस्ताव पारित किए गए। इन सभी योजनाओं के शीघ्र क्रियान्वयन पर भी सहमति बनी।

बैठक का संचालन नगर सभा के सचिव प्रदीप काबरा ने किया। इस दौरान उपाध्यक्ष नरेंद्र डाढ़, संगठन सचिव लोकेश अजमेरा, सामाजिक एवं सांस्कृतिक सचिव विजय कुमार अजमेरा, संयुक्त सचिव ब्रिजेश मोदानी, क्रीड़ा सचिव पुष्कर सोमानी सहित कार्यकारिणी सदस्य एवं सभी 12 क्षेत्रीय इकाइयों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।