राजीव गांधी पंचायतीराज संगठन ने चुनाव टालने का लगाया आरोप-चरखा चलाकर,भजन गाकर और गांधी साहित्य पढ़कर जताया विरोध
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/उनियारा।स्मार्ट हलचल|राजीव गांधी पंचायतीराज संगठन, जिला टोंक के तत्वावधान में उनियारा ब्लॉक में पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनाव समय पर कराने की मांग को लेकर “लोकतंत्र बचाओ सत्याग्रह” आयोजित किया गया। संगठन ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार और निर्वाचन आयोग की मिलीभगत से पिछले करीब डेढ़ वर्ष से पंचायतीराज संस्थाओं एवं नगरीय निकायों के चुनाव टाले जा रहे हैं, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
सत्याग्रह के तहत शनिवार, 18 जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक प्रदेश संगठन महासचिव केशव तिवारी के सानिध्य एवं जिलाध्यक्ष डॉ. नरेश मीणा की अध्यक्षता में पदाधिकारी और कार्यकर्ता गांधीवादी तरीके से धरने पर बैठे। इस दौरान चरखा चलाया गया, महात्मा गांधी के भजन गाए गए तथा गांधी साहित्य का वाचन कर लोकतंत्र की रक्षा का संदेश दिया गया। मुख्य अतिथि केशव तिवारी ने भाजपा सरकार पर पंचायत एवं निकाय चुनाव टालकर लोकतांत्रिक परंपराओं को कमजोर करने का आरोप लगाया। वहीं मुख्य वक्ता डॉ. नरेश मीणा ने कहा कि चुनाव नहीं होने से गांवों और शहरों का विकास प्रभावित हो रहा है। उन्होंने लोकतंत्र बचाओ अभियान को गांव-गांव, ढाणी-ढाणी और वार्ड स्तर तक ले जाकर आमजन को जागरूक करने का आह्वान किया। टोंक ब्लॉक अध्यक्ष ओमप्रकाश सांसी ने मनरेगा योजना के स्वरूप में बदलाव को लेकर भी राज्य सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि इससे लोगों के रोजगार की गारंटी प्रभावित हो रही है।सत्याग्रह में प्रदेश समन्वयक मनीष गुर्जर, ब्लॉक अध्यक्ष हनुमान मीणा, उनियारा शहर अध्यक्ष जुनैद अहमद, जिला महासचिव फोरूलाल मीणा, जिला सचिव भरतलाल, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अमान खान, पार्षद धर्मचंद शर्मा, फूलचंद मीणा, जयराम मीणा, जुनैद गहलोत, इश्तियार अहमद, नेतराम मीणा, किरोड़ी मीणा, हरिकेश गुर्जर, लोकेश मीणा, एडवोकेट मुजम्मिल सारण, आदिल अली, रवि प्रकाश गुर्जर सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
