बिजली विभाग की लापरवाही से मासूम की मौत पर फूटा आक्रोश, विधायक आक्या ने अधिकारियों को लगाई फटकार

परिजनों को सहायता दिलाने पर बनी सहमति, समझाइश के बाद हुआ पोस्टमार्टम

चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। चंदेरिया क्षेत्र में शिव रामदेव मंदिर के पास गार्डन के समीप सड़क किनारे लगी खुली विद्युत डीपी की चपेट में आने से सात वर्षीय मासूम सुमित पुत्र मुकेश बंजारा की मौत के बाद क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश फैल गया। शुक्रवार शाम बड़ी संख्या में लोग सांवलिया चिकित्सालय की मोर्चरी के बाहर एकत्र होकर धरने पर बैठ गए और बिजली विभाग की कथित लापरवाही पर मृतक परिवार को मुआवजा एवं दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे।

शनिवार सुबह चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या मौके पर पहुंचे और परिजनों व क्षेत्रवासियों से बातचीत कर उन्हें समझाइश दी। विधायक ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए मौके पर मौजूद अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा सुधार तत्काल कराने के निर्देश दिए।

विधायक आक्या की पहल पर मृतक के परिजनों को विभागीय एवं अन्य सरकारी सहायता उपलब्ध कराने पर सहमति बनी। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी हो गए और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई।

इस दौरान तहसीलदार विपिन चौधरी, चंदेरिया थानाधिकारी मधु कंवर, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता सत्यनारायण आमेरिया, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिनेश वैष्णव, भाजपा जिला उपाध्यक्ष अशोक रायका, अनिल ईनाणी, गोपाल गवारिया, दिनेश गवारिया, किशन शर्मा, संजय शर्मा, रूस्तम खान, देवीलाल सालवी, पवन वैष्णव, विजय बुनकर सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।