गुरलां बस स्टैंड पर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने की कायराना हरकत; धुप से राहत देने वाले नीम पेड़ पर कुल्हाड़ी चलाई,ग्रामीणों में भारी आक्रोश

गुरलां:-स्थानीय बस स्टैंड पर वर्षों से राहगीरों और यात्रियों को शीतल छाया देने वाले एक हरे-भरे नीम के पेड़ पर रविवार बीती रात अज्ञात उपद्रवी ने कुल्हाड़ी चला दी। अज्ञात व्यक्ति ने रात के अंधेरे का फायदा उठाकर पेड़ के तने को चारों तरफ से दो-दो इंच की गोलाई में गहरे घाव देकर काटने का प्रयास किया। सुबह जब ग्रामीणों की नजर इस कृत्य पर पड़ी, तो मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने की इस हरकत पर गहरा आक्रोश जताया।

*सरपंच पहुंचे मौके पर, पुलिस को दी सूचना*

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत स्थानीय सरपंच सरवन गुर्जर को मौके पर बुलाया। सरपंच ने घटना स्थल का मुआयना किया और इस हरकत की कड़ी निंदा की। इसके तुरंत बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस प्रशासन को घटना की लिखित सूचना दी गई है। ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि बस स्टैंड के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाए ताकि रात में इस वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।

*पेड़ को बचाने की मुहिम शुरू*

ग्रामीणों ने बताया कि यह नीम का पेड़ तपती धूप में बस का इंतजार करने वाले मुसाफिरों के लिए एकमात्र सहारा था। तने को गोलाई में काटे जाने से पेड़ के सूखने का खतरा पैदा हो गया है। हवा से कई टुट न जाए इसके लिए इसका कुछ डालिए को काटा गया जिससे हवा के प्रभाव से पेड़ धराशाई होने से बचाया जा सके इसके चलते अब ग्रामीण और पर्यावरण प्रेमी पेड़ के कटे हुए हिस्से पर उपचार (मिट्टी, गोबर या दवा का लेप) कर उसे बचाने का प्रयास कर रहे हैं।