हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसुरी) आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा सहयोगिनियों ने अपनी विभिन्न लंबित मांगों और समस्याओं को लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम झंवर लाल मित्तल को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने सरकार से लंबे समय से चली आ रही मांगों का जल्द समाधान करने की मांग की।
ज्ञापन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं को नियमित सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने, मानदेय बढ़ाकर न्यूनतम ₹20 हजार से ₹26 हजार करने, सेवानिवृत्ति के बाद कार्यकर्ताओं को ₹10 लाख और सहायिकाओं को ₹6 लाख की एकमुश्त सहायता राशि देने तथा मासिक पेंशन का प्रावधान करने की मांग की गई। इसके अलावा कई महीनों से लंबित मानदेय, मकान किराया एवं प्रोत्साहन राशि का भुगतान जल्द करने, आंगनबाड़ी कर्मियों से विभागीय कार्यों के अलावा अन्य गैर-विभागीय कार्य नहीं करवाने तथा पोषण ट्रैकर सहित ऑनलाइन कार्यों के लिए बेहतर इंटरनेट सुविधा और स्मार्टफोन उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।
कर्मचारियों ने कहा कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं, लेकिन अब तक अपेक्षित समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने सरकार से जल्द सकारात्मक कार्रवाई की मांग की। इस दौरान हमीरगढ़ क्षेत्र की 30 से अधिक आंगनवाड़ी कर्मचारी महिलाए उपस्थित रही l
