अलीगंज विद्युत उपकेंद्र से लगातार बिजली कटौती, कमलापुर, जमुनाबाद सहित कई गांवों में पूरी रात गुल रही आपूर्ति, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

अलीगंज खीरी।स्मार्ट हलचल|अलीगंज विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र में लगातार हो रही बिजली कटौती से ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। रविवार शाम से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रही, जिसके कारण कमलापुर, जमुनाबाद सहित कई गांवों में पूरी रात अंधेरा छाया रहा। रातभर बिजली न मिलने से लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा, वहीं पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हुई।ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन बिना पूर्व सूचना के बिजली काट दी जाती है, जिससे घरेलू कार्यों के साथ-साथ किसानों, व्यापारियों और विद्यार्थियों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

नारी नर रक्षक पार्टी के मंडल उपाध्यक्ष बाबूराम राज ने भी विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि लगातार हो रही बिजली कटौती से आम जनता को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विभाग से नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की तथा कहा कि यदि किसी तकनीकी कारण से आपूर्ति बाधित करनी पड़े तो उपभोक्ताओं को पहले से सूचना दी जाए।

क्षेत्रवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आंदोलन करने को मजबूर होंगे।