जिला कलक्टर ने किया नशामुक्ति का आह्वान
बूंदी- स्मार्ट हलचल|बूंदी रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से मंगलवार को जिले के 18 उत्कृष्ट चिकित्सकों तथा मरणोपरांत देहदान करने वाली दो महिलाओं का अभिनंदन किया गया। समारोह में समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चिकित्सा प्रहरियों और देहदान जैसे पुनीत कार्य के लिए विमलेश सोनी व संगीता प्रभु (मरणोपरांत) को सम्मानित किया गया।समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान रेड क्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन राजेश कृष्ण बिरला उपस्थित रहे। वहीं, कार्यक्रम की अध्यक्षता बूंदी शाखा के अध्यक्ष एवं जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में राजस्थान रेड क्रॉस सोसाइटी के महासचिव जगदीश जिंदल, सीएमएचओ डॉ. ओपी सामर व पीएमओ डॉ. एलएन मीणा मंचासीन रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में संस्था के पदाधिकारियों ने अतिथियों का माल्यार्पण व दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत किया। वाइस चेयरमैन राजेंद्र रावका ने मुख्य अतिथि राजेश कृष्ण बिरला का स्वागत किया। सचिव अशोक विजय ने अध्यक्ष व जिला कलक्टर हरफूल सिंह यादव का अभिनंदन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राजेश कृष्ण बिरला ने बूंदी शाखा के कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सक्रियता और सेवा कार्यों के मामले में बूंदी शाखा राजस्थान की प्रमुख तीन शाखाओं में शुमार है। उन्होंने शाखा की गतिविधियों को और अधिक विस्तार देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में अध्यक्ष पद से सम्बोधित करते हुए जिला कलक्टर ने चिकित्सकों की सामाजिक भूमिका को वंदनीय बताया। उन्होंने देहदान करने वाली महिलाओं के कार्य को अनुकरणीय बताते हुए उनके परिजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही उन्होंने बूंदी रेड क्रॉस शाखा से जिले में व्यापक स्तर पर नशामुक्ति अभियान चलाकर समाज को व्यसन मुक्त बनाने का आह्वान भी किया।
इससे पूर्व, वाइस चेयरमैन राजेंद्र रावका ने बूंदी में रेड क्रॉस सोसाइटी की स्थापना यात्रा साझा की तथा सभी आगंतुकों का स्वागत किया। सचिव अशोक विजय ने संस्था की वार्षिक गतिविधियों पर प्रकाश डाला। वहीं, मुख्य वक्ता डॉ. सुरेंद्र कुमार ने अंगदान के महत्व पर विस्तृत चर्चा करते हुए समाज में इसके प्रति जागरूकता लाने की आवश्यकता पर बल दिया।
इनका हुआ सम्मान
कार्यक्रम में सामाजिक सेवाओं और उत्कृष्ट चिकित्सा कार्यों के लिए मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. राहुल चंदेल व वाइस प्रिंसिपल डॉ. विजय नायक, पीएमओ डॉ. एलएन मीणा, डॉ. प्रतिभा मीणा, डॉ. महेंद्र चौहान, डॉ. गोविंद गुप्ता, डॉ. पंकज शर्मा, डॉ. अमर शर्मा, डॉ. सुशील जैन, डॉ. लक्ष्मी प्रकाश नागर, डॉ. जितेंद्र मीणा, डॉ. शिशुपाल मीणा, डॉ. राकेश मंडावरा, डॉ. रीता जैन, डॉ. शुभम व्यास, डॉ. विजया जैन, आयुर्वेदिक चिकित्सालय के पीएमओ डॉ. सुनील कुशवाह को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर त्रिलोकचंद जैन, जगदीश जिंदल, ओमप्रकाश जैन, पीएमओ डॉ. एलएन मीणा तथा पुरुषोत्तम पारीक आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल व गरिमामयी संचालन श्रीमती रेखा शर्मा तथा भूपेंद्र शर्मा ने किया।
