भीलवाड़ा संभाग का पहला मामला: आबादी क्षेत्र में मिला सीवेट कैट, 4 बच्चों को दिया जन्म

जंगल घटने से मजबूरी में गोदाम में शरण ली, वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

गुरला:-(बद्री लाल माली) भीलवाड़ा संभाग में पहली बार घनी आबादी वाले क्षेत्र में सीवेट कैट यानी बीजू मिलने का मामला सामने आया है। घटते वन क्षेत्र और बढ़ती इंसानी आबादी के कारण यह वन्यजीव मजबूरी में आबादी क्षेत्र में आ गया।

सांगानेर निवासी कंवरलाल खटीक ने वन्यजीव रक्षक कुलदीप सिंह राणावत को सूचना दी कि उनके वेस्ट के गोदाम में एक अजीब सा जानवर दिखाई दिया है।सूचना पर वन्यजीव रक्षक कुलदीप सिंह राणावत टीम और वन विभाग के जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। बोरों के नीचे सर्च करने पर सीवेट कैट अपने 4 बच्चों के साथ मिली।
राणावत ने मां और सभी बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। उप वन संरक्षक के निर्देश पर सभी को पुनर्वास के लिए घने वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया।