मंडावर पुलिस की बड़ी सफलता: दो माह पुरानी अपहरण एवं सामूहिक दुष्कर्म की वारदात का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार, बोलेरो वाहन जब्त

नीरज मीणा

मंडावर। स्मार्ट हलचल/दौसा जिले की मंडावर थाना पुलिस ने एक गंभीर एवं संवेदनशील आपराधिक प्रकरण का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। मंडावर थाना पुलिस, डीएसटी टीम दौसा, साइबर सेल तथा वृत्त कार्यालय महवा की संयुक्त कार्रवाई में अपहरण एवं सामूहिक दुष्कर्म के मामले का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी बरामद कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार यह मामला सामने आने के बाद जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर इसे सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं वृत्ताधिकारी महवा के सुपरविजन में मंडावर थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। डीएसटी टीम, साइबर सेल और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से तकनीकी विश्लेषण, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, सूचना तंत्र तथा लगातार फील्ड कार्रवाई के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की रणनीति तैयार की। कई दिनों तक विभिन्न स्थानों पर दबिश, संदिग्धों की निगरानी और लगातार जांच के बाद पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार पीड़िता द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटना से जुड़े प्रत्येक पहलू का परीक्षण किया तथा उपलब्ध तकनीकी तथ्यों को आधार बनाकर आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखी। अंततः पुलिस टीम ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें घटना का खुलासा हुआ और दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बुद्धिप्रकाश पुत्र रामदेव मीणा (36 वर्ष), निवासी गांवड़ी, थाना नैनवा, जिला बूंदी तथा दिलखुश उर्फ धोड़या पुत्र रामेश्वर मीणा, निवासी धनकपुरा, जिला बूंदी के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी जब्त कर लिया है। जांच अधिकारियों का मानना है कि बरामद वाहन मामले की विवेचना में महत्वपूर्ण साक्ष्य साबित होगा।
पूरे ऑपरेशन के दौरान डीएसटी टीम दौसा, साइबर सेल, मंडावर थाना पुलिस एवं वृत्त कार्यालय महवा के अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने समन्वित रूप से कार्य किया। तकनीकी विश्लेषण, सूचनाओं के सत्यापन और लगातार पुलिस कार्रवाई के कारण आरोपियों तक पहुंचना संभव हो सका। पुलिस अब इस मामले से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है तथा विभिन्न स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
जिला पुलिस ने कहा है कि महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों के मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों की गंभीरता को देखते हुए त्वरित जांच, वैज्ञानिक साक्ष्यों का उपयोग और समन्वित कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी अपराध या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।