अलकेश पारीक
स्मार्ट हलचल|उलेला कारगिल विजय दिवस के अवसर पर सामाजिक सेवा और मानवता के संदेश को आगे बढ़ाते हुए ग्राम उलेला स्थित देवनारायण भगवान मंदिर प्रांगण में 26 जुलाई (रविवार) को दूसरे विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। आयोजन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक होगा। शिविर भारतीय सेना के वीर जवानों के शौर्य और बलिदान को समर्पित रहेगा।
आयोजन समिति के अनुसार पिछले वर्ष आयोजित प्रथम रक्तदान शिविर में 180 से अधिक यूनिट रक्त संग्रहित किया गया था। इस रक्त का विभिन्न अस्पतालों में भर्ती जरूरतमंद मरीजों के उपचार में उपयोग किया गया। प्रथम शिविर को मिले उत्साहजनक सहयोग के बाद इस बार और अधिक संख्या में रक्तदाताओं के भाग लेने की उम्मीद जताई जा रही है।
शिविर में रक्तदान के साथ रक्तदाताओं की हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, ब्लड ग्रुप सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य जांच निःशुल्क की जाएगी। रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों को सम्मान पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन समिति ने बताया कि उलेला गांव सामाजिक सरोकारों के कार्यों में लगातार अग्रणी भूमिका निभा रहा है। रक्तदान जैसे महापुण्य अभियान में युवाओं, महिलाओं और ग्रामीणों का बढ़ता उत्साह समाज के लिए प्रेरणादायक है। समिति ने क्षेत्र के युवाओं, सामाजिक संगठनों एवं आमजन से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करने और इस सेवा अभियान को सफल बनाने की अपील की है।
