मुजरास टोल पर देर रात तक चला संयुक्त विशेष अभियान: 13 लग्जरी बसों की जांच, 7 बसों पर ₹91,600 की कार्रवाई

भीलवाड़ा।स्मार्ट हलचल|यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं सार्वजनिक परिवहन में सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भीलवाड़ा के निर्देशन में परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस द्वारा मुजरास टोल, भीलवाड़ा पर विशेष संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 13 लग्जरी एवं स्लीपर बसों का सघन निरीक्षण किया गया।

जांच में विभिन्न मोटर वाहन नियमों एवं सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पाए जाने पर 7 बसों के विरुद्ध कुल ₹91,600 के चालान बनाए गए। जिन बसों में आवश्यक दस्तावेज, फिटनेस एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, उन्हें जांच उपरांत यात्रियों सहित उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

अभियान के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, भीलवाड़ा की सचिव श्रीमती रश्मि आर्य, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती देवांगिनी औदीच्य, जिला परिवहन अधिकारी श्री रामकिशन चौधरी, परिवहन निरीक्षक श्री मनीष कुमार एवं श्री कैलाश शक्तावत उपस्थित रहे। संयुक्त टीम ने बसों की फिटनेस, परमिट, बीमा, अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास, फर्स्ट एड बॉक्स, चालक के दस्तावेज तथा यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े अन्य मानकों का गहन निरीक्षण किया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रश्मि आर्य ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यात्रा प्रारंभ करने से पूर्व बस में इमरजेंसी एग्जिट, फायर सेफ्टी, फर्स्ट एड बॉक्स तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता अवश्य जांचें। यदि किसी बस में सुरक्षा संबंधी गंभीर कमियां दिखाई दें तो इसकी सूचना तत्काल परिवहन विभाग अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को दें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले बस संचालकों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी तथा यह विशेष अभियान आगामी दिनों में भी जिले के विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर निरंतर संचालित किया जाएगा।