छात्रों पर लाठीचार्ज और किसानों की समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट पर किया विरोध प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
बूंदी- स्मार्ट हलचल|शहर के लंका गेट रोड स्थित पुरानी धान मंडी – यार्ड में आज जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। जनसभा में नेताओं ने दिल्ली में पेपर लीक,छात्रों पर हुए लाठीचार्ज, राहुल गांधी के साथ हुए दुव्यवहार और बूंदी जिले की किसानों की समस्याओं को लेकर केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर हुंकार भरी।जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल, बूंदी विधायक हरिमोहन शर्मा ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखो हमले बोले। उन्होंने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपने अधिकारों की मांग कर रहे निर्दोष छात्रों पर पुलिस द्वारा किया गया बर्बर लाठीचार्ज लोकतंत्र पर सीधा हमला है। नेताओं ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के साथ किए गए अमर्यादित व्यवहार की कड़े शब्दों में निंदा की।
इसके साथ ही, उन्होंने बूंदी जिले की ज्वलंत समस्याओं, किसानों की लंबित मांगों और क्षेत्र के विकास कार्यों की अनदेखी को लेकर भी सरकार को घेरा।
एसपी ने संभाला मोर्चा
कांग्रेस के प्रदर्शन को देखते हुए आज पुलिस अधीक्षक अवनीश शर्मा खुद प्रदर्शन समाप्त होने तक मौके पर मौजूद रहे उन्होंने अपने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना ना हो।साथ ही शांति व्यवस्था बनी रहे इसके लिए पैदल मार्च मार्ग पर प्रयाप्त पुलिस बल तैनात रखा।
जनसभा के समापन के बाद बड़ी संख्या में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और किसानों ने पुरानी धान मंडी यार्ड से पैदल मार्च निकाला।
नारेबाजी करते हुए सभी प्रदर्शनकारी जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे, जहां कलेक्ट्रेट के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के उपरांत कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम अतिरिक्त जिला कलेक्टर एचडी सिंह को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि दिल्ली में छात्रों पर लाठीचार्ज करने वाले दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो।
नेता प्रतिपक्ष के सम्मान की रक्षा और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन सुनिश्चित किया जाए। बूंदी जिले के किसानों की स्थानीय समस्याओं और ज्वलंत मुद्दों का शीघ्र समाधान किया जाए।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष महावीर मीणा, खानपुर विधायक सुरेश गुर्जर जिला प्रभारी वीरेंद्र सिंह झाला, पीसीसी सदस्य सत्येश शर्मा संतोष भाकल आनंदी लाल मीणा, रामकरण मीणा ने भी सभा को संबोधित किया। जनसभा के दौरान पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में किसान और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन चर्मेश शर्मा और जगरूप सिंह रंधावा ने किया ।
