मित्र की स्मृति में महा रक्तदान शिविर, 396 यूनिट रक्त संग्रह; कारगिल विजय दिवस पर सेना के लिए रक्तदान का ऐतिहासिक संकल्प

भीलवाड़ा । मित्रता, समाज सेवा और राष्ट्रभक्ति का प्रेरणादायी संगम प्रस्तुत करते हुए ओम उज्ज्वल संस्थान द्वारा रविवार को पांसल में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। संस्थान ने अपने दिवंगत मित्र ओम अहीर की जन्म जयंती के अवसर पर आयोजित इस शिविर में 396 यूनिट रक्त एकत्र कर मानवीय सेवा का उल्लेखनीय उदाहरण पेश किया।

रक्तदान शिविर का शुभारंभ हाथी भाटा आश्रम के महंत संत दास जी महाराज के सानिध्य में हुआ। शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। संस्थान ने इस अवसर पर संदेश दिया कि दिवंगत प्रियजनों की स्मृति को समाज सेवा और किसी जरूरतमंद का जीवन बचाकर सदैव जीवंत रखा जा सकता है।

*कारगिल विजय दिवस पर भारतीय सेना के सम्मान में ऐतिहासिक घोषणा*

कारगिल विजय दिवस के अवसर पर ओम उज्ज्वल संस्थान ने भारतीय सेना के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए एक महत्वपूर्ण संकल्प लिया। संस्थान के पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से घोषणा की कि—

“भारतीय सेना को जब भी और जहाँ भी रक्त की आवश्यकता होगी, ओम उज्ज्वल संस्थान के स्वयंसेवक अपने निजी खर्च पर वहाँ पहुँचकर रक्तदान करेंगे।”

संस्थान के अध्यक्ष रामपाल चौधरी ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों ने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। उनके सर्वोच्च बलिदान के प्रति यह संकल्प हमारी ओर से विनम्र श्रद्धांजलि और कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मित्र की स्मृति में आयोजित यह रक्तदान शिविर तथा सेना के प्रति संस्थान की यह प्रतिबद्धता समाज को सेवा और राष्ट्रप्रेम की नई प्रेरणा देगी।

*रक्तदाताओं का किया सम्मान*

शिविर के दौरान रक्तदाताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, मांडल विधायक उदयलाल भड़ाना, पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, सुवाणा मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश शर्मा, मांडल मंडल अध्यक्ष भेरूलाल गाडरी, पूर्व प्रधान गोपी सारस्वत, सत्यनारायण पारीक, गोपालनाथ, जिला मंत्री लादूलाल जाट एवं सत्यनारायण शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने उपस्थित रहकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।

शिविर के सफल आयोजन पर ओम उज्ज्वल संस्थान ने सभी रक्तदाताओं, चिकित्सकों की टीम तथा सहयोगियों को स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। अंत में संस्थान के अध्यक्ष रामपाल चौधरी ने सभी सदस्यों, सहयोगियों एवं रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान भविष्य में भी समाज सेवा और मानव कल्याण के ऐसे अभियान निरंतर संचालित करता रहेगा।